कारगिल विजय दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि,शहीद स्मारक में शहीदों के नाम की पट्टिका का लोकार्पण
Junaid Khan - शहडोल। 27 जुलाई 2026 कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहडोल नगर स्थित शहीद स्मारक में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीदों को नमन कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर नगर के शहीद देवेंद्र सोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही शहडोल संभाग के अमर शहीदों के नाम अंकित पट्टिका का लोकार्पण भी किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने शहीद देवेंद्र सोनी की माता श्रीमती लक्ष्मी सोनी को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के नागरिकों की सहभागिता रही। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए शहीदों के बलिदान को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
