नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जाएंगे विशेष अभियान
Junaid Khan - शहडोल। सेवा, समर्पण और नेतृत्व के संकल्प के साथ वी क्लब शहडोल ग्रेट का पदग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह शहर के एक होटल सभागार में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समारोह की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट ज्योति प्रधान ने की। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुभद्रा सिंह तथा प्रशासनिक सचिव दर्पणा सरकार उपस्थित रहीं।
नई कार्यकारिणी में सोनल भागदेव ने अध्यक्ष, शिल्पी गुप्ता ने सचिव,सुभद्रा सिंह ने कोषाध्यक्ष, अर्चना अग्रवाल ने प्रथम उपाध्यक्ष, गीतिका ख़ोडियार ने द्वितीय उपाध्यक्ष, कांची ताम्रकार ने सह सचिव तथा चाँदनी अग्रवाल ने सह कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। वहीं अनुराधा गुप्ता, पद्मा सिंह एवं सुमन अग्रवाल को कार्यक्रम संयोजक, संगीता सरावगी एवं पूनम रस्तोगी को सांस्कृतिक संयोजक, संगीता शुक्ला एवं नीलम रस्तोगी को पीआरओ तथा हेमू गुप्ता, किरण अग्रवाल एवं सुमन केजरीवाल को बीओपी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
महिलाएं अपने लिए भी निकालें समय-ज्योति प्रधान
मुख्य अतिथि ज्योति प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि नारी परिवार और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। महिलाएं पूरे परिवार की जिम्मेदारियां निभाते-निभाते अक्सर अपने स्वास्थ्य, मनोरंजन और आत्मविकास के लिए समय निकालना भूल जाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को अपने लिए भी समय अवश्य निकालना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ और आत्मनिर्भर महिला ही परिवार और समाज को मजबूत बना सकती है।
उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसके सदस्यों में होती है। जितने अधिक हाथ जुड़ेंगे, संगठन उतना ही मजबूत होगा। हर व्यक्ति की सोच अलग होती है और नई सोच से ही नए कार्य जन्म लेते हैं, इसलिए सदस्यता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
जल और पर्यावरण संरक्षण को बनाया प्राथमिकता
ज्योति प्रधान ने पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पेड़ और पानी जीवन के आधार हैं। रसोई से निकलने वाले पानी का भी सदुपयोग कर जल संरक्षण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पानी सबसे बड़ी संपदा होगा, इसलिए इसकी हर बूंद बचाना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सदस्यों से कहा कि मोबाइल पर निर्भर रहने के बजाय कार्यों का रिकॉर्ड रजिस्टर में लिखने की आदत विकसित करें तथा क्लब द्वारा किए गए प्रत्येक सामाजिक कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक लोग सामाजिक सेवा से प्रेरित होकर जुड़ सकें। उन्होंने "आओ छू लें आसमान" का संदेश देते हुए नई टीम से क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नशा मुक्ति अभियान को क्लब की कार्ययोजना में किया शामिल
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोनल भागदेव ने कार्यकारिणी के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद अपने प्रथम संबोधन में कहा कि नई टीम सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्लब को नई पहचान दिलाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान को वी क्लब शहडोल ग्रेट अपनी प्रमुख कार्ययोजना में शामिल करेगा।
उन्होंने कहा कि नशे का सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं और परिवार पर पड़ता है। इसलिए क्लब महिलाओं और युवाओं को जागरूक करने के लिए नशा मुक्ति अभियान चलाएगा तथा समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रत्येक माह विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इस अवसर पर क्लब की सदस्य श्रीमती चंचल खरिया, मनीषा पाठक,महिमा जेठानी,कविता जगवानी, रीमा दुआ मौजूद रही। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों एवं सदस्यों को औषधीय पौधे भेंट किए गए। उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वी क्लब शहडोल ग्रेट नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ समाजहित के कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाएगा।
