जांबाज आरपीएफ की मुस्तैदी से बची चलती ट्रेन से गिरी महिला की जान, अस्पताल पहुंचाने के लिए खुद बने मददगार

जांबाज आरपीएफ की मुस्तैदी से बची चलती ट्रेन से गिरी महिला की जान, अस्पताल पहुंचाने के लिए खुद बने मददगार 



Junaid Khan - शहडोल स्टेशन पर बड़ा हादसा टला,महिला आरक्षी आभा तिवारी ने दिखाई अदम्य साहस की मिसाल, एंबुलेंस के इंतजार के बजाय ऑटो से आरपीएफ ने घायल को भेजा अस्पताल, थाना प्रभारी ने की सतर्कता बरतने की अपील। शहडोल। भारतीय रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत शहडोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक-01 पर रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, जब एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। प्लेटफार्म से रवाना हो रही गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस के स्लीपर कोच S-2 से उतरने के प्रयास में एक महिला यात्री का अचानक संतुलन बिगड़ गया। चलती ट्रेन की गति के कारण महिला प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच गिर गई, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस खौफनाक मंजर को देखते ही ट्रेन में सवार यात्रियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल चैन पुलिंग की, जिससे ट्रेन रुक गई। प्लेटफार्म पर ड्यूटी संभाल रही आरपीएफ की महिला आरक्षी आभा तिवारी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बिना एक पल गंवाए दौड़कर महिला को सुरक्षित निकालने का भरसक प्रयास किया। हालांकि, गति तेज होने के कारण वे महिला को गिरने से तो नहीं रोक पाईं, लेकिन उनकी त्वरित प्रतिक्रिया ने मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी मदद के लिए प्रेरित किया। घटना के तुरंत बाद आरपीएफ की टीम ने मिसाल पेश करते हुए जो तत्परता दिखाई, वह प्रशासनिक सेवा और इंसानियत की एक शानदार नजीर बन गई है। आरपीएफ द्वारा फौरन 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन महिला की गंभीर स्थिति और बहते खून को देखते हुए जवानों ने सरकारी एंबुलेंस के इंतजार में समय गंवाना उचित नहीं समझा। आरपीएफ स्टाफ ने अविलंब स्ट्रैचर की मदद से घायल महिला को बाहर निकाला और बिना समय गंवाए एक ऑटो के जरिए तत्काल जिला चिकित्सालय रवाना कराया। इलाज में किसी प्रकार की कोताही या देरी न हो, इसके लिए आरपीएफ जवान महेंद्र कुमार को विशेष रूप से महिला के साथ अस्पताल भेजा गया, जिन्होंने वहां पहुंचकर त्वरित इलाज की व्यवस्था कराई। फिलहाल आरपीएफ की टीम घायल महिला के परिजनों से संपर्क करने और उसकी पहचान स्थापित करने में जुटी हुई है। 

आरपीएफ थाना प्रभारी की आम जन से अपील 

घटना के उपरांत शहडोल आरपीएफ थाना प्रभारी विनोद कुमार तिवारी ने आम यात्रियों से अपील करते हुए कहा,यात्रीगण अपनी यात्रा के दौरान संयम और सतर्कता बरतें। चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास किसी भी स्थिति में न करें। जल्दबाजी में उठाया गया एक गलत कदम न केवल आपकी जान जोखिम में डाल सकता है, बल्कि पूरे परिवार के लिए दुख का कारण बन सकता है। सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।

Previous Post Next Post