बाणसागर बांध के 06 रेडियल गेट खोले गए,सोन नदी में छोड़ा जा रहा 2454 क्यूमेक्स जल

जलस्तर 341.58 मीटर पहुंचने के बाद बढ़ाई गई सतर्कता, ब्यौहारी के 10 ग्रामों के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील


Junaid Khan - शहडोल। 30 अगस्त 2026 बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा एवं जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा आज दोपहर 12 बजे बाणसागर बांध के 06 रेडियल गेट खोल दिए गए हैं। सभी 06 रेडियल गेट 2-2 मीटर खोले गए हैं, जिसके माध्यम से स्पिलवे से लगभग 2454 क्यूमेक्स जल सोन नदी में प्रवाहित किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः 06 बजे बाणसागर जलाशय का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया था, जो बांध के पूर्ण जल भराव स्तर (FRL) 341.64 मीटर से मात्र 0.06 मीटर कम है। कैचमेंट क्षेत्र में वर्षा की सक्रियता एवं जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जलस्तर में वृद्धि एवं गेट खोले जाने के मद्देनजर कार्यपालन यंत्री, बाणसागर बांध द्वारा ब्यौहारी क्षेत्र के ग्राम ओदारी, रीहा, पबेह, उजराबरा, चमुहा, विजयसोता, तेंदुहा, जमुनी, चितरासी एवं हरतला के निवासियों से विशेष सतर्कता बरतने एवं सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। जल संसाधन विभाग एवं मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संभावित जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों से नदी, नाले एवं जलाशय के आसपास जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Previous Post Next Post