शान-ओ-शौकत के साथ निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, खुशनुमा माहौल में हुआ समापन
Junaid Khan - शहडोल। धनपुरी ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को धनपुरी नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी शान-ओ-शौकत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में नगर की विभिन्न मस्जिद कमेटियों, अंजुमनों एवं मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद हुजूर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की आमद की खुशी मनाई। जुलूस में मदीना जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद, राजा मस्जिद, नंबर-4 मस्जिद, बिलाल मस्जिद सहित धनपुरी की विभिन्न मस्जिद कमेटियों एवं अंजुमनों ने हिस्सा लिया। जुलूस की शुरुआत दारुल उलूम, काछी मोहल्ला एवं मदीना जामा मस्जिद क्षेत्र से हुई। इसके बाद जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ धनपुरी मुख्य चौराहे पहुंचा। जुलूस के इस्तकबाल के लिए नगर के विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाए गए थे। जगह-जगह शरबत, आइसक्रीम, फल, मिठाइयों एवं अन्य सामग्री का वितरण कर जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। बाजार रंगमंच के पास नूरी मस्जिद कमेटी की ओर से जुलूस का शानदार इस्तकबाल करते हुए मिठाई का वितरण किया गया। कमेटी के सदस्यों ने सक्रिय रूप से जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया और ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। वहीं मरकजी मुस्लिम लंगर कमेटी की ओर से धनपुरी मुख्य चौराहे पर फल वितरण किया गया। अलग-अलग मोहल्लों में भी लोगों ने अपने घरों के सामने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ इमामबाड़ा मैदान पहुंचा, जहां फातिहा एवं दरूद-ओ-सलाम पेश किया गया। इसके बाद जुलूस का शांतिपूर्ण तरीके से समापन हुआ। जुलूस के बाद मदीना जामा मस्जिद में विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर लंगर में हिस्सा लिया। ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन धनपुरी नगर में आपसी भाईचारे, मोहब्बत, अमन और सौहार्द के खुशनुमा माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन में धनपुरी नगर पालिका का भी सहयोग रहा। वहीं पुलिस एवं प्रशासन ने जुलूस के दौरान मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली और पूरे मार्ग पर निगरानी बनाए रखी। जुलूस में शामिल लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं जवानों का धन्यवाद किया। समाज के प्रमुख लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी तथा जुलूस में शामिल सभी नागरिकों और आमजन का इस्तकबाल करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया। धनपुरी में अमन, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देते हुए जुलूस-ए-मोहम्मदी का यह आयोजन यादगार रहा।

