70वीं SGFI व राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता: शहडोल संभाग में तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न, खेल कैलेंडर जारी
Junaid Khan - शहडोल। शालेय राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 शहडोल संभाग में तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न, संभाग स्तरीय खेल कैलेंडर जारी शहडोल। 70वीं शालेय स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता एवं लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा घोषित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के परिपालन में शहडोल संभाग स्तरीय चयन प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस संबंध में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शहडोल संभाग, श्री उमेश कुमार धुर्वे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं योजना बैठक संपन्न हुई। बैठक में सहायक संचालक कुमारी आकांक्षा सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही सहायक संचालक खेल रईस अहमद, संभागीय अधिकारी सुदर्शन मिश्रा, जिला खेल अधिकारी उमरिया शेख सलीम, जिला खेल अधिकारी शहडोल रामरूद्र पटेल, जिला खेल अधिकारी अनूपपुर शेख खलील कुरैशी, पीटीआई मुकेश झरिया, सुनील साकेत, रहीम खान, संजय नामदेव तथा आईटी सेल अधिकारी अमजद रंगरेज की विशेष उपस्थिति रही। निष्पक्ष चयन और खिलाड़ियों की सुविधाओं पर जोर। बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त संचालक श्री उमेश कुमार धुर्वे ने चयन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं खेल शिक्षकों को निर्देशित किया कि मैदान एवं सामग्री: प्रतियोगिताओं से पूर्व खेल मैदानों को दुरुस्त किया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए। मूलभूत सुविधाएं: खिलाड़ियों के लिए शुद्ध पेयजल, पौष्टिक भोजन एवं त्वरित चिकित्सा हेतु फर्स्ट एड बॉक्स की अनिवार्य व्यवस्था हो। सुरक्षा व्यवस्था: बालिका खिलाड़ियों के साथ महिला शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। डिजिटल रजिस्ट्रेशन: सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का समय सीमा के भीतर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूर्ण कराया जाए। निष्पक्ष चयन: योग्य चयन समिति का गठन कर केवल प्रतिभा और योग्यता के आधार पर ही खिलाड़ियों का चयन किया जाए। संभागीय खेल कैलेंडर जारी। बैठक के समापन पर शहडोल संभाग में आयोजित होने वाली विभिन्न खेल विधाओं की चयन प्रतियोगिताओं का आधिकारिक खेल कैलेंडर 2026-27 जारी किया गया। संयुक्त संचालक ने सभी जिला खेल अधिकारियों को समय सारणी के अनुसार तैयारियां पूर्ण करने के आदेश दिए हैं। (प्रेषक: रईस अहमद, सहायक संचालक खेल, कार्यालय संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण शहडोल संभाग)
