रेलवे पार्किंग में फिर सेंध.चोरों ने ताला तोड़ा,स्टैंड ठेकेदार और सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, क्या केवल पर्ची काटने तक सीमित है ठेकेदारों की जिम्मेदारी? 


Junaid Khan - शहडोल। रेलवे स्टेशन परिसर और पार्किंग स्थल जैसी संवेदनशील जगहों पर आम जनता के वाहनों की सुरक्षा पूरी तरह से राम भरोसे चल रही है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे पार्किंग के सामने से सामने आया है, जहाँ रोजाना की तरह काम पर आए एक पार्सल कर्मचारी की बाइक का हैंडल लॉक तोड़कर बेखौफ अज्ञात चोर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित मोहम्मद नसीम, जो रेलवे विभाग में पार्सल का काम करते हैं, उन्होंने अपनी टीवीएस एपाची मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 18 MN 0894) को स्टैंड के सामने लॉक करके खड़ा किया था। लेकिन महज कुछ ही मिनटों के भीतर चोरों ने बड़ी सफाई से लॉक खोला और वाहन लेकर फरार हो गए।इस पूरी वारदात ने रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस, जीआरपी और पार्किंग ठेकेदारों की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जब पीड़ित ने पार्किंग कर्मचारियों से पूछताछ की तो उन्होंने साफ तौर पर अपनी अनभिज्ञता जता दी। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें दो अज्ञात युवक बाइक का लॉक तोड़कर ले जाते हुए साफ नजर आए। जनता अब यह सवाल उठा रही है कि भारी-भरकम ठेका लेने वाले ठेकेदार और उनके कर्मचारी आखिर किस काम के हैं? जब लाखों रुपये के ठेके दिए जाते हैं, तो क्या ठेका कर्मचारियों का काम सिर्फ पार्किंग शुल्क वसूलना है? दिनदहाड़े होने वाली ऐसी चोरियां रेलवे पुलिस प्रशासन और स्थानीय पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवालिया निशान लगाती हैं। जनता ने मामले की तत्परता से रिपोर्ट दर्ज कराने और पुलिस द्वारा तुरंत सीसीटीवी खंगालने की प्रक्रिया की सराहना की है, लेकिन साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से सख्त कदम उठाने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि उच्च प्रशासनिक अधिकारियों, रेल विभाग के वरिष्ठ अफसरों और पुलिस अधीक्षकों को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले पार्किंग ठेकेदारों के लाइसेंस रद्द किए जाने चाहिए और स्टैंड कर्मचारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने भादंवि/बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आम जनता को अब इंतजार है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गठजोड़ और लापरवाही पर कब तक सख्त चाबुक चलाते हैं।

Previous Post Next Post