मृतक बालक के परिजनों को 04 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर
Junaid Khan - शहडोल। 11 अगस्त 2026_ जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मैकी में खेलते समय कुएं में गिरने से आठ वर्षीय बालक की मृत्यु की दुखद घटना सामने आई है। घटना की सूचना प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने बालक की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग ने बताया कि मृतक बालक की पहचान शिवम उर्फ शुभम नायक (8 वर्ष), पिता श्री नीलमणि नायक, निवासी ग्राम मैकी, थाना सोहागपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि बालक घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह कुएं के पास पहुंच गया और अचानक कुएं में गिर गया। जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने आरबीसी 6(4) के प्रावधानों के तहत मृतक बालक के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि मंजूर की है। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान कुओं, जलभराव वाले गड्ढों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें।
