प्यारे लाल का बना आय प्रमाण पत्र,बच्ची को दिलाएंगे विद्यालय में प्रवेश

प्यारे लाल का बना आय प्रमाण पत्र,बच्ची को दिलाएंगे विद्यालय में प्रवेश 


Junaid Khan - शहडोल। 09 अगस्त 2026 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेशभर में जन समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 07 अगस्त से प्रारंभ हुआ है। यह अभियान प्रत्येक शुक्रवार को संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शासन को जनता के और करीब लाना तथा प्रशासनिक जवाबदेही एवं पारदर्शिता को और मजबूत करना है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम लालपुर निवासी श्री प्यारे लाल कोल ने आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आयोजित जनसंवाद में आवेदन प्रस्तुत किया। जनसंवाद में उपस्थित संबंधित विभाग के अधिकारी द्वारा उनके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण की गईं। इसके बाद उन्हें उपस्थित विधायक श्री जयसिंह मरावी एवं कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल द्वारा आय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। श्री प्यारे लाल कोल ने बताया कि उन्हें अपनी बच्ची का विद्यालय में प्रवेश कराने के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्हें जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद में उनकी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने जनसंवाद में आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन प्रस्तुत किया और कुछ ही समय में उन्हें प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। अब वे अपनी बच्ची का विद्यालय में प्रवेश आसानी से करा सकेंगे। श्री प्यारे लाल कोल ने कहा कि “मैं माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से हम जैसे आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इससे शासन और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है।

Previous Post Next Post