बाघिन के हमले से चरवाहे की भैंसों ने बचाई जान,वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

बाघिन के हमले से चरवाहे की भैंसों ने बचाई जान,वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी 


Junaid Khan - शहडोल। 15 अगस्त 2026_ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर क्षेत्र अंतर्गत बीट बघडो में बाघिन द्वारा एक चरवाहे पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। चरवाहे की आवाज सुनकर उसकी भैंसें मौके पर पहुंचीं और बाघिन की ओर दौड़ पड़ीं, जिसके बाद बाघिन वहां से चली गई। इस दौरान चरवाहे की जान बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 अगस्त 2026 को ग्राम बघडो निवासी 36 वर्षीय रामनरेश सिंह अपने मवेशियों को तलाशने के दौरान बफर क्षेत्र की सीमा से आगे कोर क्षेत्र में चले गए। इसी दौरान उनका सामना बाघिन और उसके शावक से हो गया। बाघिन ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। हमले के दौरान रामनरेश सिंह ने मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी आवाज सुनकर उनकी भैंसें तत्काल बाघिन की ओर दौड़ पड़ीं। भैंसों को अपनी ओर आता देख बाघिन वहां से चली गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल चरवाहे को तत्काल शासकीय अस्पताल मानपुर पहुंचाकर उपचार कराया गया। उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है। पीड़ित को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 3 हजार रुपये भी प्रदान किए गए। वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा लगातार गश्त की जा रही है। क्षेत्र में वन अमले को सक्रिय किया गया है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों एवं चरवाहों को जंगल में अकेले नहीं जाने तथा मवेशी चराते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व श्री अनुपम सहाय ने बताया कि चरवाहे के अनुसार बाघिन द्वारा उस पर हमला किया गया था। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर भैंसें मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद बाघिन वहां से चली गई। चरवाहे का उपचार कराया गया है और वर्तमान में उसकी स्थिति सामान्य है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

Previous Post Next Post