वार्ड 19 के प्राचीन तालाब के विकास से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर,पार्क,ओपन जिम एवं सड़क निर्माण का प्रस्ताव
Junaid Khan - शहडोल। घरौला मोहल्ला वार्ड क्रमांक 19 स्थित वर्षों पुराने तालाब के सौंदर्यीकरण एवं समग्र विकास को लेकर पार्षद सिल्लू रजक ने मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण मांग उनके समक्ष रखी। पार्षद सिल्लू रजक ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि वार्ड क्रमांक 19 में स्थित यह प्राचीन तालाब लंबे समय से क्षेत्र का महत्वपूर्ण जलस्रोत है। तालाब में वर्षभर पानी रहने के कारण इसका संरक्षण एवं व्यवस्थित विकास क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है। तालाब के आसपास रहने वाले अनेक गरीब एवं जरूरतमंद परिवार भी प्रत्यक्ष रूप से इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि तालाब का वैज्ञानिक तरीके से सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण किया जाता है, तो इससे क्षेत्र के जलस्तर को बनाए रखने में मदद मिलेगी और भविष्य में जल संकट की समस्या से निपटने में भी सहायता मिलेगी। साथ ही तालाब के आसपास रहने वाली बस्ती के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। ज्ञापन में तालाब के चारों ओर सड़क निर्माण, सुंदर पार्क, ओपन जिम, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे यह स्थान केवल जल संरक्षण का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि वार्डवासियों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक एवं मनोरंजन स्थल के रूप में भी विकसित हो सकेगा। पार्षद सिल्लू रजक ने मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी से आग्रह किया कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को प्राथमिकता प्रदान करते हुए आवश्यक बजट एवं स्वीकृति उपलब्ध कराई जाए, ताकि वर्षों पुराने तालाब का संरक्षण होने के साथ-साथ वार्ड 19 के विकास को भी नई गति मिल सके। पार्षद सिल्लू रजक ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वार्ड 19 के इस तालाब का विकास आने वाले समय में जल संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
