महिलाओं के हुनर और स्वावलंबन को मिला सशक्त मंच, 21 स्टॉल पर विविध उत्पादों ने खींचा आकर्षण
Junaid Khan - शहडोल। कर्मनिष्ठा फाउंडेशन के तत्वावधान में महिला समिति हॉल, मेन रोड, शहडोल में आयोजित तीन दिवसीय सावन एग्जीबिशन का 10 अगस्त को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। 8 से 10 अगस्त तक चले इस आयोजन में महिला उद्यमियों ने अपने हुनर और व्यवसाय से जुड़े विविध उत्पादों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में कुल 21 स्टॉल लगाए गए, जिनमें शहडोल के साथ-साथ जनकपुर एवं बुढ़ार की महिला उद्यमियों ने भी सहभागिता की। प्रदर्शनी का शुभारंभ 8 अगस्त को जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं लोकप्रिय नेत्री श्रीमती अमिता चपरा तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर परिषद बुढ़ार की सह-अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष निभा गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम चतुर्वेदी एवं श्रीमती संगीता दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सरस्वती वंदना एवं सावन नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने आयोजन को उत्सवी वातावरण प्रदान किया। कर्मनिष्ठा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. प्रियंका त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए फाउंडेशन के उद्देश्यों और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अतिथियों ने प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों से उनके उत्पादों एवं व्यवसाय के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी के तीनों दिनों में लगातार लोगों की आवाजाही बनी रही। शहरवासियों ने महिलाओं द्वारा तैयार एवं प्रस्तुत किए जा रहे उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई और जमकर खरीदारी की। प्रदर्शनी में साड़ियाँ, सूट, ज्वेलरी, लेडीज पर्स, हैंडबैग, पोटली बैग, बेडशीट, सौंदर्य प्रसाधन, बेकरी एवं खाद्य सामग्री, होममेड स्नैक्स एवं मसाले, राखियाँ, गिफ्ट हैंपर, बुके, गृह-सज्जा की सामग्री, मैक्रमे एवं क्रोशिया के उत्पाद सहित अनेक प्रकार की वस्तुएँ उपलब्ध रहीं। इसके साथ ही हैंडलूम के आकर्षक उत्पादों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। प्रदर्शनी में शामिल महिलाओं ने बताया कि कर्मनिष्ठा फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर लगाए जाने वाले ऐसे एग्जीबिशन उनके लिए अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुँचाने का सहज माध्यम बनते हैं। विशेषकर त्योहारों के अवसर पर एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की वस्तुएँ उपलब्ध होने से लोगों को खरीदारी में सुविधा मिलती है। अनेक महिला ग्राहकों ने भी कहा कि उन्हें कर्मनिष्ठा फाउंडेशन के एग्जीबिशन का इंतजार रहता है, क्योंकि यहाँ एक ही स्थान पर अलग-अलग आवश्यकताओं की वस्तुएँ आसानी से मिल जाती हैं और खरीदारी के लिए अलग-अलग बाजारों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। प्रदर्शनी के द्वितीय दिवस का शुभारंभ तेजस्विनी ग्रुप एवं कायस्थ समाज के सदस्यों द्वारा किया गया, जबकि तृतीय दिवस का उद्घाटन ब्यूटीशियन क्लब द्वारा किया गया। तीनों दिनों में विभिन्न समूहों एवं संस्थाओं की सहभागिता ने आयोजन को और अधिक व्यापक बनाया। महिलाओं और आगंतुकों के उत्साह को बढ़ाने के लिए विभिन्न स्टॉल संचालकों की ओर से लकी ड्रॉ भी आयोजित किए गए। स्टूडियो 11 की ओर से आयोजित लकी ड्रॉ में निधि श्रीवास्तव, युक्ता जगबानी एवं किरण पैगवार विजेता रहीं, जिन्हें स्टूडियो 11 की ओर से कूपन प्रदान किए गए। श्री श्याम फैशन स्टोर्स के लकी ड्रॉ की विजेता रिंकी दुबे रहीं। हिमांशी कलेक्शन के लकी ड्रॉ में श्वेतांजलि पाठक विजेता रहीं। अंकिता क्रिएशन के लकी ड्रॉ में पांडव नगर की अंजू गुप्ता विजेता बनीं। प्रतिभा क्रिएशन की ओर से आयोजित लकी ड्रॉ में ज्योतिका श्रीवास्तव तथा मधु चेलानी क्रिएशन की ओर से आयोजित लकी ड्रॉ में राधा पांडेय विजेता रहीं। कर्मनिष्ठा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. प्रियंका त्रिपाठी ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन पर सभी महिला उद्यमियों, सहयोगियों एवं आगंतुकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता केवल आयोजक के प्रयास से संभव नहीं होती, बल्कि उसमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विशेष रूप से ज्योति मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयोजन के दौरान उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई, उन्होंने उसे पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा किया। उनका सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय रहा। इसी प्रकार शेफाली शर्मा के निरंतर सहयोग को भी उन्होंने विशेष रूप से स्मरण किया और उनके आत्मीय सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने नीतू साहा एवं उनके पति विशाल साहा के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों ने आयोजन को सफल बनाने में अपना समय, श्रम और सहयोग दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदर्शनी में स्टॉल लगाने वाली सभी 21 महिला उद्यमियों तथा प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक सदस्य, सहयोगी एवं शुभचिंतक का हृदय से धन्यवाद किया। डॉ. प्रियंका त्रिपाठी ने कहा कि कर्मनिष्ठा फाउंडेशन का उद्देश्य केवल प्रदर्शनी आयोजित करना नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके हुनर और व्यवसाय के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना, उन्हें एक-दूसरे से जोड़ना और उनके आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सभी के सहयोग से ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाएँ अपने उत्पादों और प्रतिभा के साथ आगे आ सकें तथा अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने यह विश्वास और मजबूत किया है कि यदि महिलाओं को उचित मंच, अवसर और सहयोग मिले तो वे अपने हुनर को सफल व्यवसाय में परिवर्तित कर सकती हैं। कर्मनिष्ठा फाउंडेशन इसी उद्देश्य के साथ निरंतर कार्य करता रहेगा। तीन दिनों तक चले इस सावन एग्जीबिशन का समापन केवल एक आयोजन का अंत नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता, परस्पर सहयोग और स्वावलंबन की एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेकर हुआ। आयोजन की सफलता ने महिला व्यवसायियों में नया उत्साह पैदा किया और शहरवासियों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि स्थानीय महिला उद्यमियों के उत्पादों को मंच और प्रोत्साहन देने वाले ऐसे प्रयासों को समाज का निरंतर सहयोग मिलता रहेगा।
