वार्ड क्रमांक 1 कृष्णा कॉलोनी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम दास जैसवाल ने किया उत्साहवर्धन
Junaid Khan - शहडोल। 11 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड क्रमांक 1 स्थित कृष्णा कॉलोनी, आई.टी.आई. के पास महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकली महिलाओं ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जागरूकता का संदेश दिया। रैली के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रैली का आयोजन नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जैसवाल के मुख्य आतिथ्य में किया गया। उन्होंने तिरंगा रैली में शामिल महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। रैली में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए जागरूक किया। महिलाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावी और प्रेरणादायी बनाया। इस अवसर पर जिला शहरी विकास अभिकरण की सिटी मैनेजर श्रीमती प्रतीक्षा शुक्ला, नगर पालिका शहडोल के सिटी मैनेजर श्री सत्यकाम मिश्रा, नगर पालिका शहडोल सहित संबंधित टीम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं। 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान। नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा डोली एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी नगरवासियों से आग्रह किया कि अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें, अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने वाले इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, एकता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। सभी नगरवासी अभियान में सहभागी बनकर इसे सफल बनाएं। तिरंगा रैली के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों ने नागरिकों को राष्ट्रहित में एकजुट रहने, राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का प्रेरणादायी संदेश दिया।
