संयुक्त सचिव ने प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना की प्रगति की समीक्षा की
Junaid Khan - शहडोल। 19 अगस्त 2026 भारत सरकार की संयुक्त सचिव श्रीमती प्रियंका दास ने कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत जिले में किए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। संयुक्त सचिव श्रीमती प्रियंका दास ने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए किसानों को कृषि क्षेत्र में आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों से भी जोड़ा जाए। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को दी जाने वाली राशि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, जिले में प्राकृतिक एवं परंपरागत खेती को बढ़ावा देने, एक जिला-एक उत्पाद के अंतर्गत चिन्हित हल्दी उत्पादन, पराली प्रबंधन एवं मृदा परीक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही डेयरी संचालन, प्रधानमंत्री मत्स्य समृद्धि योजना तथा प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत चिन्हित अन्य गतिविधियों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। संयुक्त सचिव ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि क्षेत्र में संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा योजनाओं की नियमित रूप से समीक्षा करने पर भी जोर दिया। बैठक में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, उप संचालक कृषि श्री के.एस. यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
