शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति, यातायात सुधार के लिए सख्त और सुगम रोडमैप तैयार

रीवा-मऊगंज में बेहतर सेवाएं दे चुके कार्यकुशल अधिकारी अब संभालेंगे शहडोल का जिम्मा 


Junaid Khan - शहडोल। संभाग मुख्यालय शहडोल में दिनोंदिन बढ़ते ट्रैफिक दबाव और यातायात समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में पुलिस प्रशासन एवं राज्य शासन ने एक अत्यंत सराहनीय और जनहितैषी कदम उठाया है। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक दुरुस्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उच्च स्तर पर त्वरित निर्णय लेते हुए नए यातायात थाना प्रभारी के रूप में वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी की पदस्थापना की गई है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के परिपालन में, भोपाल से स्थानांतरित होकर आए आरआई अमित विश्वकर्मा ने शहडोल यातायात थाना प्रभारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। प्रशासन के इस त्वरित और संवेदनशील कदम की आम जनता, व्यापारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है। नागरिकों का मानना है कि एक अनुभवी अधिकारी की तैनाती से न केवल शहर की सड़कों पर अनुशासन आएगा, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लग सकेगा। पदभार ग्रहण करने के उपरांत नवागत यातायात थाना प्रभारी अमित विश्वकर्मा ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना ही उनका मुख्य ध्येय है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के कुशल मार्गदर्शन व प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप शहर में ब्लैक स्पॉट के चिन्हांकन, ट्रैफिक सिग्नल प्रबंधन, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण और आम वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नवागत प्रभारी इससे पूर्व रीवा जिले के मऊगंज में यातायात प्रभारी के रूप में अपनी उत्कृष्ट व साहसिक सेवाएं दे चुके हैं, जहाँ उनके कार्यकाल के दौरान यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला था। शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव, संकीर्ण सड़कों और अव्यवस्थित पार्किंग को व्यवस्थित करना यद्यपि एक बड़ी चुनौती है, किंतु नए थाना प्रभारी के विशाल अनुभव और कड़े प्रशासनिक रुख को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि शहडोल को बहुत जल्द एक सुव्यवस्थित और आधुनिक यातायात प्रणाली का लाभ मिलेगा। शासन-प्रशासन के इस दूरदर्शी निर्णय का स्वागत करते हुए स्थानीय जनता ने भी पुलिस विभाग को हर संभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया है।

Previous Post Next Post