प्रशासनिक प्रतिबद्धता की अनूठी मिसाल,जाते-जाते भी कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने राजेंद्र क्लब को दी नई दिशा,गठित की सशक्त कार्यकारिणी
Junaid Khan - शहडोल। जिले में प्रशासनिक दक्षता, जनहित के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक-सांस्कृतिक ताना-बाना मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार और जिला प्रशासन का सराहनीय समन्वय एक बार फिर सामने आया है। नगर की ऐतिहासिक व गरिमामयी संस्था 'राजेंद्र क्लब' के पुनर्गठन और सुचारू संचालन को लेकर तत्कालीन कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने अपनी प्रशासनिक कार्यकुशलता की अमिट छाप छोड़ी है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा भोपाल में पीडब्ल्यूडी विभाग के सचिव पद पर पदोन्नति सह स्थानांतरण के ठीक अंतिम क्षणों में भी उन्होंने क्लब के संविधान अनुसार पारदर्शी एवं सशक्त नई कार्यकारिणी का गठन कर यह साबित कर दिया कि एक कुशल प्रशासक के लिए कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि होती है। पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ शहर के प्रबुद्ध नागरिकों को एक मंच पर लाकर क्लब को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का यह प्रयास जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
राजेंद्र क्लब की पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत क्लब के संविधान के खण्ड-VII में निहित प्रावधानों का पूर्ण निष्ठा से पालन करते हुए 28 जुलाई 2026 को आदेश जारी किया गया। संविधान के अनुसार जिला कलेक्टर पदेन अध्यक्ष तथा पुलिस अधीक्षक पदेन उपाध्यक्ष की भूमिका में क्लब का मार्गदर्शन करेंगे। शासकीय सदस्यों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जिला पंचायत), उपखण्ड मजिस्ट्रेट (सोहागपुर), कार्यपालन यंत्री (लोक निर्माण विभाग), मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), मुख्य नगरपालिका अधिकारी (नगर पालिका परिषद शाहदल), तथा उप पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) श्री योगेन्द्र सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जबकि कोषालय अधिकारी को कोषाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का यह सशक्त समावेश क्लब की गतिविधियों में पारदर्शिता, अनुशासन और प्रशासनिक उत्कृष्टता सुनिश्चित करेगा। इसके साथ ही, समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित एवं अनुभवी अशासकीय सदस्यों को कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डॉ. विजय सराफ को उपाध्यक्ष, श्री रवि सिंह को सचिव, सी.ए. श्री सुशील सिंघल को वित्तीय सदस्य, डॉ. सिद्धार्थ सिंह को सांस्कृतिक सचिव, श्री मनीष केजरीवाल को क्रीड़ा सचिव तथा श्री भूपेंद्र सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया है। शहर के सभ्रांत नागरिकों, प्रबुद्ध बुद्धिजीवियों और खेल व सांस्कृतिक क्षेत्र के दिग्गजों के साथ प्रशासनिक अमले का यह अनूठा संगम राजेंद्र क्लब को खेल, कला, संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रमुख केंद्र बनाएगा। प्रशासन और सरकार की इस दूरदर्शी पहल की पूरे जिले में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है।
