सजग पुलिसिंग और सुशासन का असर,06 घंटे में चोरी के सफल खुलासे पर वैश्य समाज ने किया पुलिस-प्रशासन का नागरिक अभिनंदन

एसपी संजय अग्रवाल, डीएसपी,टीआई राघवेंद्र तिवारी एवं कोतवाली टीम का शॉल-पुष्पगुच्छ से सम्मान,व्यापारियों ने कहा त्वरित कार्रवाई से कायम हुआ सुरक्षा का विश्वास 


Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश शासन की अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति और जिला पुलिस प्रशासन की मुस्तैद कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष उदाहरण हाल ही में देखने को मिला, जब स्थानीय व्यापारी नवीन मोर अग्रवाल के प्रतिष्ठान एवं निवास पर हुई दुस्साहसिक चोरी की वारदात का पुलिस टीम ने महज छह घंटे के भीतर न केवल पर्दाफाश किया, बल्कि शत्-प्रतिशत माल बरामदगी के साथ आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस महकमे और स्थानीय प्रशासन की इस अद्वितीय, त्वरित और पेशेवर कार्यशैली की पूरे अंचल में भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है। इस अभूतपूर्व सफलता से गद्गद् वैश्य महासम्मेलन जिला शहडोल के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस कप्तान, थाना कोतवाली प्रभारी एवं पूरी पुलिस टीम का भव्य नागरिक अभिनंदन कर उनके कर्तव्यनिष्ठा और सजगता को नमन किया। मंगलवार दोपहर 12 बजे वैश्य महासम्मेलन का एक विशाल प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। वहां उपस्थित समाज सेवियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल तथा उप पुलिस अधीक्षक का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीना नागरिक सम्मान किया। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने थाना कोतवाली पहुंचकर टीआई राघवेंद्र तिवारी एवं उनकी पूरी पुलिस टीम की सजगता, दूरदर्शिता और रिकॉर्ड समय में कार्रवाई करने की तत्परता के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदेश सरकार के सुशासन और पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैद कार्रवाई ने न केवल पीड़ित परिवार को तुरंत न्याय दिलाया है, बल्कि समूचे व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों के मन में कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ एवं अटूट बनाया है। जिम्मेदार अधिकारियों की इस कर्तव्यनिष्ठा ने सिद्ध कर दिया है कि अपराध और अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। आयोजित गरिमामयी सम्मान समारोह के दौरान वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री व संभाग प्रभारी पदम खेमका, सहसंभाग अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल तथा जिलाध्यक्ष अनिल सोनी प्रमुख रूप से मौजूद रहे और उन्होंने पुलिस के इस जनहितैषी रवैये की मुक्त कंठ से सराहना की। इनके अतिरिक्त कार्यक्रम में दिनेश अग्रवाल, निलेश मोर, ब्रजकिशोर गुप्ता, लक्ष्मण गुप्ता, संदीप अग्रवाल, पीयूष सोनी, नरेश सिंघल, जवाहर लाल सोनी, रामकरण गुप्ता, प्रयाग महाजन, कमल गुप्ता, अजय सोनी, विजय केशरवानी, सत्यनारायण गुप्ता, निलेश शाहा, मन्ना भैया, जेपी गुप्ता, अजय साहू, सत्यभामा गुप्ता, महिला इकाई की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शशि गुप्ता, अंजना गुप्ता तथा नीतू मोर सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक व प्रबुद्धजन उपस्थित रहकर इस क्षण के साक्षी बने।

Previous Post Next Post