ओसियम एसईसीएल में वर्षों से कार्यरत ड्राइवरों की अचानक छंटनी, करणी सेना ने दी चक्का जाम की चेतावनी

ओसियम एसईसीएल में वर्षों से कार्यरत ड्राइवरों की अचानक छंटनी, करणी सेना ने दी चक्का जाम की चेतावनी


Junaid Khan - शहडोल। एसईसीएल क्षेत्र ओसियम एसईसीएल में वर्षों से कार्यरत लगभग 100 ड्राइवरों को आर के टी सी कंपनी द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना, बिना किसी गलती और बिना कोई स्पष्ट कारण बताए नौकरी से निकाल दिए जाने का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई के बाद प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि जिन कर्मचारियों को कंपनी वर्षों से एचपीसी भुगतान के आधार पर कार्य करा रही थी, उन्हें अचानक नई शर्तों के साथ कहा गया कि यदि ₹25,000 मासिक वेतन पर काम करना है तो करें, अन्यथा आर के टी सी कंपनी में उनके लिए कोई स्थान नहीं है। कर्मचारियों का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें कार्यस्थल से हटा दिया गया। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि आर के टी सी कंपनी द्वारा कई श्रमिकों का 4 दिन, 8 दिन और 10 दिन तक का बकाया भुगतान भी नहीं किया गया है। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को मात्र दो दिन का अल्टीमेटम देकर कैंप खाली करने का निर्देश दिया गया और उन्हें वहां से हटने के लिए मजबूर किया गया। इस मामले पर श्री राजपूत करणी सेना** के प्रदेश मंत्री देवी सिंह ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी वर्षों से कंपनी की सेवा कर रहे हैं, उन्हें बिना किसी गलती, बिना कारण और बिना नोटिस के नौकरी से निकालना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि कंपनी आखिर अचानक कर्मचारियों पर इतना बड़ा संकट कैसे थोप सकती है। देवी सिंह ने कहा कि नौकरी से निकाले गए अधिकांश मजदूरों के परिवार पूरी तरह उनकी आय पर निर्भर हैं। कई कर्मचारियों के बच्चे बाहर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि कई के घरों में माता-पिता, बहनें और अन्य सदस्य उनकी कमाई पर आश्रित हैं। ऐसे में अचानक रोजगार छिन जाने से सभी परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने मांग की है कि आर के टी सी कंपनी तत्काल प्रभावित कर्मचारियों को पुनः काम पर रखे और उनका बकाया भुगतान भी शीघ्र करे। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर कंपनी सभी कर्मचारियों को वापस नौकरी पर नहीं रखती है, तो श्री राजपूत करणी सेना द्वारा विशाल चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन से उत्पन्न होने वाली समस्त परिस्थितियों की जिम्मेदारी संबंधित आर के टी सी कंपनी की होगी। करणी सेना ने प्रशासन से भी मामले में हस्तक्षेप कर पीड़ित कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की है।

Previous Post Next Post