खबर का बड़ा असर,खुले में मांस-मछली कारोबार पर झुका प्रशासन,नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई

सेंट ज्यूड्स स्कूल व सार्वजनिक स्थलों से अवैध दुकानें बंद,06 कारोबारियों पर जुर्माना,त्वरित एक्शन पर आम जनता ने प्रशासन व नपा का जताया आभार 


Junaid Khan - शहडोल। शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों, न्यू बस स्टैंड और विशेष रूप से सिंहपुर रोड स्थित सेंट ज्यूड्स स्कूल के ठीक सामने बेधड़क संचालित हो रहे मांस-मछली के अवैध कारोबार को लेकर जब हमारे अखबार द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर जिम्मेदार महकमे का ध्यान आकृष्ट कराया गया, तो शासन-प्रशासन और नगर पालिका परिषद पूरी तरह हरकत में आ गया। जनहित से जुड़ी इस गंभीर खबर का ऐसा व्यापक असर देखने को मिला कि कुंभकर्णी नींद में सोए जिम्मेदार अधिकारी तत्काल धरातल पर उतरे और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले अवैध विक्रेताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रदेश सरकार के मंशानुरूप ‘सेवा ही संकल्प अभियान-2026’ के तहत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के कुशल मार्गदर्शन एवं सख्त निर्देशों पर नगर पालिका की विशेष प्रवर्तन टीम ने रविवार को शहर के संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान भूसा तिराहा सोहागपुर के पास खुले में बिना अनुमति चल रही मछली दुकानों को मौके पर ही पूरी तरह बंद कराया गया। इसके साथ ही न्यू बस स्टैंड के आसपास स्वच्छता मानकों की अनदेखी कर बिना ढके मछली बेचने वाले आधा दर्जन (6) दुकानदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 1,500 रुपये का चालानी जुर्माना वसूला गया। प्रशासनिक अमले के इस अप्रत्याशित कड़े रुख से शहर में अवैध रूप से कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप का माहौल निर्मित हो गया है।

कार्रवाई के दौरान स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया, भूपेश कोहरे, दुर्गेश गुप्ता, संतोष लखेरा, अंकुश सेन तथा फायर ब्रिगेड टीम के सदस्यों की सराहनीय और सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि भविष्य में यदि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास, धार्मिक स्थलों के समीप या मुख्य मार्गों पर बिना ढके खाद्य सामग्री का विक्रय किया गया अथवा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाई गई, तो दुकानें सील करने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित कचरा वाहनों का ही उपयोग करें। इस बहुप्रतीक्षित और त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों के परिजनों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों में बेहद खुशी का माहौल है। आम जनता ने शहर की स्वच्छता, बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षित माहौल को बहाल करने के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की पूरी टीम का मीडिया के माध्यम से हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है। शहरवासियों का कहना है कि समाचार पत्र द्वारा जनता की आवाज को मजबूती से उठाने और उस पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा तत्परता से संज्ञान लेकर की गई इस प्रभावी कार्रवाई ने लोकतंत्र में मीडिया की सार्थकता और प्रशासन की जनसंवेदनशीलता को एक बार फिर सिद्ध कर दिया है।

Previous Post Next Post