प्रधानमंत्री जी की योजनाओं से मध्यप्रदेश को सर्वाधिक लाभ मिला है-मुख्यमंत्री

सेवा संकल्प अभियान की हर गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार करें-मुख्यमंत्री


Junaid Khan - शहडोल। 14 सितम्बर 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स को ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर केंद्र सरकार की योजनाओं से निर्मित बड़े निर्माण कार्यों एवं लाभांवित हितग्राहियों के घरों में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीपक अवश्य जलाए जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं तथा प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रमों से मध्यप्रदेश को सर्वाधिक लाभ मिला है। प्रदेशभर में अनेक बड़ी परियोजनाएं संचालित हैं। इसी दिन रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की सफलता के लिए कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान में जनप्रतिनिधियों की भी पूरी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर्स जिले के प्रभारी मंत्री से परामर्श कर अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को अंतिम रूप दें। सेवा संकल्प अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। वीडियो, फोटो एवं अन्य जानकारियां पोर्टल पर दर्ज करने के लिए अलग से टीम तैनात की जाए। उन्होंने बताया कि उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर 26 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे, जिसके लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं का आयोजन 19 से 26 सितंबर तक होगा। इसी प्रकार 26 सितंबर से प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के साथ लाभांवित महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विकास कार्यों एवं लाभांवित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां लगातार अपलोड की जाएं। विभागीय अधिकारी जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रकाशन कराएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। यात्रा का समापन जिला मुख्यालय पर होगा, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा में मेरा योगदान सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। इसमें चिन्हित 25 गतिविधियों में से जिले में कम से कम 10 गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी अवधि में ग्राम पंचायतों में ‘सेवा सेतु अभियान’ भी आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन 17 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन में प्रदेशभर से पंचायत पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों की सूची तैयार कर अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अभियान में शामिल विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शहडोल से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती मिनीषा पांडे सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

Previous Post Next Post