बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर व नकदी पार कर दोस्तों को दे रहा था 'ग्रैंड पार्टी',बुढ़ार पुलिस ने दबोचा
Junaid Khan - शहडोल। बुढ़ार थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-5 (एसबीआई बैंक के पीछे) में दिनदहाड़े हुई चोरी की एक दुस्साहसिक वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता का पड़ोसी ही निकला, जो चोरी के पैसों से अपने दोस्तों को आलीशान पार्टी दे रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर जुटाए गए जेवरात और नकदी वापस मिलने की उम्मीद जगी है। मजदूरी पर गई थी महिला, सूना घर देख बनाया निशाना प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-5 निवासी सुमन सोनकर अपने परिवार के भरण-पोषण और बेटी के आने वाले विवाह के लिए मजदूरी व अन्य काम करती हैं। घटना के दिन वह अपने घर में ताला लगाकर काम पर बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान पड़ोस में किराए के मकान में रहने वाले अनूपपुर जिले के करन पठार निवासी नील सिंह की नीयत डोल गई। आरोपी काफी समय से महिला के आने-जाने के समय पर नजर रखे हुए था। जैसे ही घर सूना हुआ, आरोपी ने दिनदहाड़े ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और आलमारी व बक्सों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान बटोरकर चंपत हो गया। घर लौटी तो उड़े होश, बुढ़ार थाने में दर्ज कराई एफआईआर संध्या समय जब पीड़िता सुमन सोनकर काम निपटाकर घर वापस लौटीं, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटी के हाथ पीले करने के लिए संजोकर रखी गई जीवन भर की कमाई गायब थी। पीड़िता ने बिना देर किए बुढ़ार थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
पार्टी की भनक से खुला राज,पुलिस की घेराबंदी में फंसा आरोपी
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय सुराग जुटाना शुरू किया। संदेह की सुई पास में ही किराए से रहने वाले नील सिंह पर घूमी, जो घटना के बाद से अचानक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त देखा गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नील सिंह अचानक आए पैसों से अपने दोस्तों को एक स्थान पर शराब व भोजन की 'ग्रैंड पार्टी' दे रहा है। सूचना मिलते ही बुढ़ार पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा। शत-प्रतिशत सामग्री बरामदगी का दावा पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी नील सिंह ने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लगभग पूरा सामान और नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बुढ़ार पुलिस की इस त्वरित सफलता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
