स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं जेन-जी युवतियों के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

महिलाओं ने योगाभ्यास के साथ खेलकूद, प्रश्नोत्तरी, मिलेट खाद्य प्रतियोगिता एवं पारंपरिक खेलों में लिया उत्साहपूर्वक भाग


Junaid Khan - शहडोल। 19 सितम्बर 2026-मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला शहडोल अंतर्गत स्व-सहायता समूह की सदस्यों एवं उनके परिवार की जेन-जी युवतियों के लिए खेलकूद, प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम प्रजापति के निर्देश एवं मार्गदर्शन में सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र कल्याणपुर में किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे महिलाओं के योगाभ्यास से हुई। इसके पश्चात महिलाओं एवं युवतियों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुर्सी दौड़, रस्साकसी, प्रश्नोत्तरी, मिलेट खाद्य प्रतियोगिता सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों में महिलाओं एवं जेन-जी युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जेन-जी युवतियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों एवं मंचासीन अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विधायक मनीषा सिंह एवं श्रीमती अमिता चपरा ने किया शुभारंभ 

कार्यक्रम की अध्यक्षता जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने की। मुख्य अतिथि जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा रहीं। मां सरस्वती के समक्ष पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में श्री संतोष लोहानी, श्री भूपेन्द्र मिश्रा, एवं श्रीमती नीलम चतुर्वेदी, तथा श्री रविन्द्र वर्मा सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

वृद्धाश्रम पहुंचकर किया फल वितरण

कार्यक्रम के पूर्व श्रीमती अमिता चपरा एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा कल्याणपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को फल वितरित किए गए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। प्रश्नोत्तरी में युवतियों ने दिए सही उत्तर। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती अमिता चपरा ने जेन-जी युवतियों के साथ प्रश्नोत्तरी की। इसमें महिलाओं एवं युवतियों ने पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर दिए। श्रीमती चपरा ने ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए मिशन कर्मियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बधाई दी। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि शासन-प्रशासन एवं जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के समन्वय से शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी निरंतर प्रयास करें। उन्होंने सकारात्मक बदलाव के लिए सभी को बधाई दी।

विजेताओं को प्रदान किए गए पुरस्कार 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रबंधक श्री संदीप सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक श्री अजय सिंह, डीएम डीआईसी श्री मनीष, जिला प्रबंधक श्रीमती शैलजा सिंह, सहायक जिला प्रबंधक श्री राजेश पाण्डेय सहित विकासखण्ड प्रबंधक एवं सहायक विकासखण्ड प्रबंधक तथा मिशन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post