बच्चों की थाली में पतली दाल-सब्जी, मिड-डे मील की गुणवत्ता पर उठे सवाल
Junaid Khan - शहडोल। जिले के बुढ़ार विकासखंड के ग्राम पंचायत कोलमी छोट स्थित माध्यमिक विद्यालय छोटकी टोला में बच्चों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। यहां बच्चों की थाली में परोसी गई दाल काफी पतली और सब्जी में पानी की मात्रा अधिक दिखाई दी। भोजन की तस्वीरें सामने आने के बाद स्कूलों में मिड-डे मील की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे भोजन का जायजा लेने के दौरान कैमरे में दाल और सब्जी की स्थिति रिकॉर्ड हुई। दाल में पानी की मात्रा अधिक नजर आई, जबकि सब्जी में भी आलू के कुछ टुकड़ों के साथ काफी पानी दिखाई दिया। ऐसे में बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया गया कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन का संचालन रोशनी स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। सरकार की योजना के तहत स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक और निर्धारित मात्रा में भोजन उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन की होती है। अब सवाल यह है कि विद्यालय में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच किस स्तर पर की जा रही है। क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और मात्रा का निरीक्षण करते हैं। सामने आए वीडियो और तस्वीरों के बाद शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की जाती है या नहीं, यह देखना होगा।
