साइबर अपराधियों पर पुलिस-प्रशासन का कड़ा प्रहार,अब स्थानीय थानों में मिलेगी त्वरित राहत

SP डॉ. संजय कुमार अग्रवाल की दूरदर्शी पहल से जिले के 5 थानों में 'साइबर डेस्क' का भव्य शुभारंभ, आमजन को मिलेगा सीधा लाभ 



Junaid Khan - शहडोल। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी पर नकेल कसने के लिए शहडोल जिला पुलिस और शासन-प्रशासन ने एक ऐतिहासिक व सराहनीय कदम उठाया है। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में जिले के पांच प्रमुख थानों में साइबर डेस्क की स्थापना की गई है। इस दूरदर्शी और जनकल्याणकारी कदम का शुभारंभ 8 सितंबर 2026 को बुढ़ार थाने से हुआ। कोतवाली, सोहागपुर, ब्यौहारी, जयसिंहनगर और बुढ़ार थानों में शुरू हुई यह विशेष व्यवस्था जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों के डिजिटल अधिकारों की सुरक्षा में मील का पत्थर साबित होगी। पुलिस कप्तान और संबंधित थाना प्रभारियों का यह प्रयास क्षेत्र में अपराध मुक्त वातावरण बनाने की दिशा में बेहद प्रशंसनीय है। साइबर डेस्क के अस्तित्व में आने से अब ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड, फर्जी बैंक खाते, म्‍यूल अकाउंट, फर्जी सिम, ओटीपी व यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और फिशिंग जैसी गंभीर शिकायतों पर त्वरित और सीधी कार्रवाई होगी। सबसे राहत की बात यह है कि अब पीड़ित को अपनी गुहार लगाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि स्थानीय थाने में ही अनुभवी और प्रशिक्षित पुलिसकर्मी पीड़ितों को तकनीकी मार्गदर्शन देंगे। वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में हेल्पलाइन नंबर 1930 और एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने से लेकर संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थाओं से तालमेल बिठाकर ठगी गई राशि को तुरंत होल्ड या फ्रीज कराने की त्वरित कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर यह डेस्क सीधे जिला साइबर सेल और राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर जटिल मामलों का भी जल्द से जल्द निस्तारण करेगी। शासन-प्रशासन और पुलिस महकमे का यह सजग कदम न केवल साइबर अपराधियों के हौसले पस्त करेगा, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का एक नया विश्वास भी जगाएगा। क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों और आम जनता ने स्थानीय स्तर पर साइबर डेस्क उपलब्ध कराने की इस उत्कृष्ट पहल के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल सहित पूरी पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। थानों में शुरू की गई इस सुविधा से जहां जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी, वहीं साइबर सुरक्षा और जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को ठगी से बचाने में भी बड़ी मदद मिलेगी। जिम्मेदार अधिकारियों का यह जनहितैषी कार्य निसंदेह क्षेत्र में सुशासन की व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान कर रहा है।

Previous Post Next Post