मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
Junaid Khan - शहडोल। 26 सितम्बर 2026 ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि विद्यालय छतवई में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विकासखंड स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शहडोल श्री शिवम् प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम् प्रजापति ने विद्यालय में संचालित अत्याधुनिक एआई कक्षा एवं चित्र प्रदर्शनी का विशेष रूप से निरीक्षण एवं अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को तकनीक आधारित आधुनिक शिक्षा के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं का निरीक्षण कर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड के सभी 11 संकुलों के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत छतवई की सरपंच श्रीमती मुन्नी बाई बैगा, श्री मंधारी बैगा, श्री सुरेश प्रसाद शर्मा एवं श्री श्रीनिवास साहू उपस्थित रहे। साथ ही जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री आनंद राय सिन्हा एवं सहायक संचालक श्री संजय पांडेय ने भी उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
निबंध प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया की छात्रा सपना शुक्ला ने प्रथम, शासकीय विद्यालय छतवई की छात्रा संध्या यादव ने द्वितीय तथा शासकीय विद्यालय छतवई की छात्रा प्रियंका नामदेव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय छतवई के छात्र सुमित प्रजापति ने प्रथम, सद्गुरु पब्लिक स्कूल के छात्र अनय त्रिपाठी ने द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हर्राटोला की छात्रा अमृता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा शिवानी सिंह ने प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुराज क्रमांक-2 की छात्रा करिश्मा सेन ने द्वितीय तथा वैभवी पब्लिक स्कूल, सिंहपुर के छात्र अभिनव शुक्ला ने तृतीय स्थान हासिल किया। आयोजकों ने बताया कि ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, विचारों एवं प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। आयोजन क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल रहा।
