करंट से युवक की मौत मामला,पुलिस व प्रशासन का कड़ा रुख, ठेकेदार समेत 03 पर शिकंजा

मर्ग जांच के बाद सोहागपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज


Junaid Khan - शहडोल। स्थानीय सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धुरवार में बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई 33 वर्षीय युवक की दुखद मौत के मामले में जिला पुलिस-प्रशासन और राज्य सरकार ने सख्त एवं संवेदनशील रवैया अपनाया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए सोहागपुर पुलिस ने त्वरित निष्पक्ष मर्ग जांच पूरी की और घोर लापरवाही के जिम्मेदार विद्युत ठेकेदार सौरभ तिवारी, नितिन तिवारी एवं उनके मातहत कामगारों के खिलाफ प्रथम दृष्टया अपराध दर्ज कर लिया है। शासन-प्रशासन की इस त्वरित, पारदर्शी और ठोस कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। आमजन का मानना है कि पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार को बिना किसी दबाव के त्वरित न्याय दिलाने का काम किया है, जिससे काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के बीच कड़ा संदेश गया है। मामले का विस्तृत ब्योरा देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्राम धुरवार निवासी मृतक सुशील यादव पिता हेमलाल यादव (उम्र 33 वर्ष) बीती 30 मई की सुबह करीब 5:30 बजे अपने घर से टहलने निकला था। इसी दौरान ईंट फैक्ट्री के सामने सड़क पर पहले से टूटकर गिरे हुए बिजली के हाई-वोल्टेज तार में उसका पैर फंस गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी आर.पी. रावत के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने परिजनों व चश्मदीद साक्षियों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल से प्रवाहित बिजली का तार जब्त कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का स्पष्ट कारण 'इलेक्ट्रिक शॉक' (करंट लगना) पाया गया, जिसके आधार पर कानून का शिकंजा आरोपियों पर कसा गया।

पुलिस की गहन तफ्तीश में यह बात उजागर हुई कि ग्राम नवलपुर में निर्माणाधीन विद्युत सब-स्टेशन से तार जोड़ने का कार्य ठेकेदार द्वारा अत्यंत लापरवाही और सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर कराया जा रहा था। कार्य के दौरान तार खंभे से टूटकर नीचे सड़क पर गिर गया और उसमें लगातार करंट प्रवाहित होता रहा, जो कि सीधे तौर पर जानलेवा उपेक्षा थी। सोहागपुर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन व पुलिस की इस त्वरित व निष्पक्ष कार्यशैली से जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। फिलहाल ठेकेदार समेत तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

Previous Post Next Post