महिलाओं से धक्का-मुक्की कर सिलेंडर लूटने की कोशिश
सोहागपुर के वार्ड 03 में बिना आईडी और सर्च वारंट के दबंगई, 112 डायल पुलिस के पहुँचते ही बोलेरो से रफूचक्कर हुए आरोपी
Junaid Khan - शहडोल। जिले के थाना सोहागपुर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 03 में खाद्य विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर चार पुरुषों और दो महिलाओं द्वारा एक ही परिसर में रहने वाले सुधीर गुप्ता के पुश्तैनी घर में बिना किसी अनुमति, आईडी कार्ड या सरकारी आदेश के जबरन घुसकर दादागिरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित शिव सुधीर गुप्ता (पिता स्व. भाईयालाल गुप्ता) द्वारा पुलिस अधीक्षक शहडोल को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की दोपहर लगभग 1:30 बजे जब घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं और पुरुष सदस्य बाहर थे, तभी अज्ञात आरोपी घर के भीतर दाखिल हो गए। आरोपियों ने खाद्य विभाग का अफसर होने का धौंस जमाते हुए रसोई में जलते हुए चालू गैस सिलेंडरों को महिलाओं से जबरन छीनकर बाहर निकालना शुरू कर दिया। जब महिलाओं ने परिचय पत्र मांगा तो आरोपियों ने यह कहते हुए दादागिरी दिखाई कि"हम कहीं भी घुस सकते हैं, हमें किसी परमिशन की जरूरत नहीं है।"पुलिस को देखते ही बोलेरो से भागे, पहले भी दर्ज है चोरी की रिपोर्ट घटना की सूचना मिलते ही जब परिवार के पुरुष सदस्य घर पहुंचे और विरोध जताते हुए रसोई से अपने सिलेंडर वापस अंदर रखे, तब आरोपी प्रदीप द्विवेदी व उसके साथियों ने गाली-गलौज और विवाद करना शुरू कर दिया। पीड़ितों द्वारा तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचित किया गया। सोहागपुर पुलिस के मौके पर पहुंचते ही जब उनसे सर्च वारंट और विभागीय कागजात मांगे गए, तो आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी आनन-फानन में अपनी बोलेरो गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुख्य आरोपी प्रदीप द्विवेदी के खिलाफ पूर्व में भी गैस सिलेंडर चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज है और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी कठोर प्रशासनिक कार्रवाई न होने से उसके हौसले बुलंद हैं। 15 हजार रुपये ऐंठने और जान से मारने की धमकी, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की गुहार शिकायतकर्ता ने आवेदन में खुलासा किया कि दो वर्ष पूर्व जब वे घर पर नहीं थे, तब भी इसी आरोपी ने धोखाधड़ी कर सिलेंडर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। सिलेंडर वापस लौटाने के एवज में 15,000 रुपये भी ऐंठ लिए थे और दो महीने तक कलेक्ट्रेट कार्यालय के चक्कर कटवाए थे। अब दोबारा पैसे मांगने पर आरोपी उल्टे कानूनी कार्रवाई और देख लेने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित सुधीर गुप्ता, अनीता गुप्ता, रूपा गुप्ता सहित पूरे परिवार ने एसपी शहडोल से घर के सभी वैध सिलेंडर कागजातों की जांच कर फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपियों पर लूट, बिना अनुमति घर में घुसने, धोखाधड़ी और महिलाओं से अभद्रता की धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
