UFBU के आह्वान पर अखिल भारतीय बैंक हड़ताल

शहडोल में सभी सरकारी बैंकों में कामकाज ठप 



Junaid Khan - शहडोल। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर अखिल भारतीय बैंक हड़ताल आयोजित की गई। बैंक कर्मी द्वारा बैंक से लेकर अंबेडकर चौक में नारेबाजी की साथ ही शहर में रैली निकल कर अपनी मांगो को जनता को बताया गया। शाहडोल में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा सहित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक तथा अन्य सभी सरकारी बैंकों की शाखाओं में ताले लगे रहे। बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया तथा अपनी न्यायोचित मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।

हड़ताल की प्रमुख 2 मांगें हैं 

1)PLI वितरण में भेदभाव समाप्त कर न्यायसंगत व्यवस्था लागू की जाए। 2) सप्ताह में पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू की जाए।बैंककर्मियों ने वर्तमान प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन राशि (PLI) के वितरण में भारी असमानता और अन्याय का आरोप लगाया। स्केल-IV एवं उससे ऊपर के अधिकारियों को 100 प्रतिशत तक PLI प्रदान किया जा रहा है, जबकि शाखाओं एवं धरातल पर सीधे कार्य करने वाले लिपिकीय कर्मचारियों तथा स्केल-III तक के अधिकारियों को मात्र 15 दिनों के वेतन के बराबर PLI दिया जा रहा है।

पाँच दिवसीय बैंकिंग होने से कर्मचारियों के कार्य एवं निजी जीवन संतुलित रहेगा 

बैंककर्मियों की दूसरी प्रमुख मांग से आशय यह है सप्ताह में पाँच कार्यदिवस की बैंकिंग व्यवस्था को शीघ्र लागू करना है। बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर व्यवसायिक लक्ष्यों, डिजिटल बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, वित्तीय समावेशन, ग्राहक सेवा तथा अनुपालन संबंधी जिम्मेदारियों का कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। पाँच दिवसीय बैंकिंग लागू होने से कर्मचारियों के कार्य एवं निजी जीवन में संतुलन बनेगा, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होगा तथा उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। बैंककर्मियों ने कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित है और सरकार को इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

सरकारी बैंक द्वारा सबसे बड़ा लाभ दिया जाता है 

बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने कहा कि सरकारी बैंकों द्वारा अर्जित ऐतिहासिक लाभ में सबसे बड़ा योगदान उन कर्मचारियों एवं अधिकारियों का है, जो शाखाओं में ग्राहकों की सेवा, व्यवसाय वृद्धि, ऋण वसूली, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय समावेशन तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रतिदिन धरातल पर कार्य करते हैं। इसके बावजूद PLI वितरण में उनके साथ भेदभाव किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण है।

बैंक का काम काज ठप्प ? 

शहडोल में आयोजित प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि बैंकों के ऐतिहासिक लाभ का न्यायपूर्ण लाभ धरातल पर कार्य करने वाले प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी को मिलना चाहिए। हड़ताल के कारण आम जनता को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए UFBU ने ग्राहकों एवं नागरिकों से बैंककर्मियों की न्यायसंगत मांगों को समझने और समर्थन देने की अपील की।

Previous Post Next Post