फर्जी आईडी से वीडियो वायरल करने और गोली मारने की धमकी; पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस की सख्त कार्रवाई
Junaid Khan - शहडोल। जिले में एक छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी और पीड़िता के पक्ष में त्वरित वैधानिक कदम उठाने से जहां एक ओर अपराधियों में खलबली मची है, वहीं दूसरी ओर आम जनता में कानून और प्रशासन के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है। शादी का झांसा, तीन बार गर्भपात और ब्लैकमेलिंग का खेल प्राप्त जानकारी के अनुसार, केशवाही निवासी आरोपी कनिष्क सिंह ने 23 वर्षीय छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का प्रलोभन दिया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का तीन बार जबरन गर्भपात भी कराया। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता के आपत्तिजनक व अश्लील वीडियो चुपके से बना लिए और उनके आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता पर शारीरिक और मानसिक दबाव बनाने का यह सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक पीड़िता को सच्चाई का अहसास नहीं हुआ। फर्जी आईडी, वीडियो वायरल करने की धमकी और इंकार जैसे ही आरोपी कनिष्क सिंह की शादी किसी दूसरी जगह तय हुई, उसने पीड़िता से पूरी तरह दूरी बना ली और विवाह करने से साफ इंकार कर दिया। जब पीड़िता ने विरोध जताया, तो आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर उसके अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने और जान से मारने (गोली मारने) की सीधी धमकी दे डाली। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और महिला थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। महिला थाना पुलिस का सख्त रुख, जांच तेज मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला थाना पुलिस और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों ने बिना किसी देरी के आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों की पुष्टि के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन के इस सख्त रवैये से साफ संदेश गया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी स्थिति में बख्शे नहीं जाएंगे।
