03 आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार; ताश के पत्ते व नकदी जब्त
Junaid Khan - शहडोल। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और सामाजिक बुराइयों को जड़ से मिटाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी का परिचय दिया है। पुलिस प्रशासन ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विचारपुर नदिया टोला क्षेत्र में दबिश देकर हार-जीत की बाजी लगा रहे जुआरियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। थाने के पुलिस अमले ने मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा और ताश के पत्तों सहित नगदी बरामद की है। पुलिस की इस फुर्तीली और रणनीतिक कार्रवाई की आम जनता में जमकर सराहना हो रही है, वहीं इलाके के असमाजिक तत्वों में भारी हड़कंप व्याप्त हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 की शाम कोतवाली पुलिस का गश्ती दल शासकीय वाहन से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कस्बे की सघन पेट्रोलिंग कर रहा था। इसी दौरान शाम लगभग 18:40 बजे पुलिस टीम को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि विचारपुर नदिया टोला में लाला बैगा के घर के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर अवैध जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए गवाहों मजीद खान एवं रामप्रमोद मिश्रा को साथ लिया और बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर जब देखा गया तो लाला बैगा के मकान के दरवाजे के बाहर जल रहे बल्ब की तेज रोशनी में कुछ व्यक्ति बेखौफ होकर दांव लगा रहे थे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और अचानक रेड मारकर तीन जुआरियों को धर दबोचा। मौके से पकड़े गए आरोपियों में राशिद खान (उम्र 42 वर्ष, निवासी इतवारी मोहल्ला), मोहम्मद अहसान खान (उम्र 35 वर्ष, निवासी घरौला मोहल्ला) तथा संतोष बैगा (उम्र 27 वर्ष, निवासी विचारपुर) शामिल हैं। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में आरोपियों के कब्जे और फड़ से कुल 650/- रुपये नगद तथा ताश के 52 पत्ते विधिवत जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपियों को कोतवाली थाना लाया गया, जहां उनके विरुद्ध धारा 13 पब्लिक गेम्बलिंग (मध्यप्रदेश) एक्ट 1976 तथा धारा 173 बीएनएसएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया गया है। अपराध जमानतीय होने के कारण आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश होने हेतु कानूनी नोटिस तामील कराकर पाबंद किया गया है। इस सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विजय सिंह (प्र.आर. 426) की मुख्य भूमिका रही। गश्ती व रेड कार्रवाई की इस समर्पित टीम में उप निरीक्षक रामराज पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक विश्वनाथ तिवारी, प्रधान आरक्षक 589 मायाराम, प्रधान आरक्षक 30 आशाराम कुशवाहा तथा प्रधान आरक्षक 592 संजय सोनकर शामिल रहे। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सट्टा, जुआ या किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
