07 अक्टूबर को आयोजित होने वाले सेवा ज्योति संकल्प यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण

संयुक्त विकास आयुक्त श्री मुद्रिका सिंह ने टेक्निकल ग्राउंड शहडोल का किया निरीक्षण 


Junaid Khan - शहडोल। 05 अक्टूबर 2026-07 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं विधानसभा स्तरीय सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों को लेकर संयुक्त विकास आयुक्त श्री मुद्रिका सिंह ने टेक्निकल ग्राउंड शहडोल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैकड्रॉप, स्क्रीन, एलईडी, साउंड सिस्टम, पेयजल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम में जिले के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध वर्ग, समाजसेवी संस्थाओं, संगठनों, आम नागरिकों एवं विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला मुख्यालय पर प्रातः 9 बजे नागरिक एकत्रित होंगे। प्रातः 9 बजे से 9.45 बजे तक देशभक्ति गीतों का गायन होगा। प्रातः 9.45 बजे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़कर उद्बोधन देंगे। इसके पश्चात दिल्ली में सेवा ज्योति प्रज्वलित की जाएगी और उसके बाद जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। सेवा ज्योति प्रज्वलन के पश्चात जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए नागरिक प्रज्वलित मशाल के साथ अपनी-अपनी विधानसभा के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां विधानसभा स्तरीय सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सबसे आगे रथ रहेगा, उसके पीछे प्रज्वलित मशाल लेकर नागरिक तथा उनके पीछे यात्रा में शामिल स्थानीय नागरिक चलेंगे। यात्रा में शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी से संबंधित प्लेकार्ड एवं बैनर भी प्रदर्शित किए जाएंगे। संयुक्त विकास आयुक्त ने यात्रा के दौरान यातायात, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी पुख्ता रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिला मुख्यालय के एक चौराहे को “सेवा-संकल्प चौक” के रूप में विकसित करने तथा कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Previous Post Next Post