चोरी का खुलासा, लगभग 1 लाख रुपये की चोरी की सामग्री बरामद

चोरी का खुलासा, लगभग 1 लाख रुपये की चोरी की सामग्री बरामद 


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 19-20 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात थाना बुढार क्षेत्रांतर्गत प्रकाश पेट्रोल पंप के पास स्थित मैको कॉर्पोरेशन के वाहन यार्ड से अज्ञात चोरों द्वारा 08 ट्रेलर एवं एक क्रेन से 18 बैटरियां सहित जैक, रिंच-पाना, चैन, बेल्ट, क्रेन का डिस्प्ले एवं डीजल आदि वाहन संबंधी सामान चोरी कर लिया गया था। चोरी गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये थी। दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को फरियादी अभिलाष कुमार वर्मा, निवासी धनपुरी, थाना बुढार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर थाना बुढार पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी द्वारा पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की गई। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान चोरी की वारदात में संलिप्त 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 08 बैटरियां, 03 हेलमेट, जैक, पट्टा एवं अन्य सामग्री सहित लगभग 1 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में कमल सिंह भदौरिया, उम्र 18 वर्ष 05 माह, निवासी भुतही मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 01, थाना बुढार; मोबीन खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजा होटल के पीछे, वार्ड क्रमांक 08, थाना बुढार; अलीशान खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़), हाल निवासी वार्ड क्रमांक 11, थाना बुढार तथा एक विधि विरुद्ध बालक, उम्र 17 वर्ष 09 माह, निवासी भुतही मोहल्ला, थाना बुढार शामिल हैं। प्रकरण में गिरफ्तार 03 आरोपियों को न्यायालय बुढार के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि विधि विरुद्ध बालक को किशोर न्यायालय, शहडोल के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। सराहनीय भूमिका - उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक खेम सिंह पेंद्रो के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक क्लामेंट जॉन, सहायक उपनिरीक्षक राजा भैया बागरी, सहायक उपनिरीक्षक गिरीश शुक्ला, प्रधान आरक्षक अमर बागरी, प्रधान आरक्षक दशरथ एवं थाना बुढार के अन्य पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Previous Post Next Post