वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर, कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारियों को दिए निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। 21 अक्टूबर 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था,यातायात प्रबंधन, बिजली आपूर्ति और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य 15 नवंबर तक पूरा कराने तथा शहरी क्षेत्रों की सड़कों के सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर, कलेक्टर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी एक माह के दौरान अनेक पर्व और त्योहार मनाए जाएंगे। ऐसे में सभी जिलों में सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए जाएं और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली की पर्याप्त उपलब्धता है। कलेक्टर स्थानीय स्तर पर वितरण से संबंधित समस्याओं का निराकरण कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पटाखा विक्रय स्थलों पर अग्निशमन की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टरों से अस्पतालों का निरीक्षण कर बर्न वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराकर बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
स्वामित्व योजना में प्रगति की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक एक लाख 60 हजार 220 प्रकरणों का पंजीयन किया जा चुका है। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिन पटवारियों की प्रगति शून्य है, उन्हें चिह्नित कर उनके विरुद्ध समुचित कार्रवाई की जाए, ताकि योजना के लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
कम वर्षा वाले जिलों में पेयजल और फसल प्रबंधन पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 12 जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। इन जिलों के कलेक्टर पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कम पानी में तैयार होने वाली फसलों के लिए कार्ययोजना तत्काल तैयार करें। उन्होंने फसल अनावरी से संबंधित जानकारी तीन दिन के भीतर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश भी दिए।
खाद्य पदार्थों में मिलावट पर सख्ती, मौसमी बीमारियों की रोकथाम के निर्देश
मुख्यमंत्री ने खाद्य पदार्थों के नियमित नमूने लेकर उनकी जांच कराने तथा मिलावट करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा। मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, खांसी, वायरल संक्रमण और अन्य मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा से खराब हुई सड़कों की मरम्मत 15 नवंबर तक पूरी कराने पर जोर देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति में भी सुधार किया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
राष्ट्रीय एकता दिवस और मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। वहीं, एक नवंबर को मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसका मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित होगा। सभी जिला मुख्यालयों में भी स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
खाद वितरण की व्यवस्था पर कलेक्टर रखें निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। कलेक्टर खाद के वितरण पर सतत निगरानी रखें, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-टोकन के माध्यम से पंजीकृत महिला किसान द्वारा नामित परिवार के सदस्य को भी टोकन के आधार पर खाद उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कलेक्टरों को विभिन्न किसान संघों और अन्य संगठनों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तथा खाद वितरण की तैयारियों की समीक्षा करने को कहा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नरवाई प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल सहित प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। शहडोल स्थित कमिश्नर कार्यालय के एनआईसी केंद्र से कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, आइजी एन चैत्रा, डीआईजी श्री विवेक सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
