रक्षित केंद्र (पुलिस लाईन) शहडोल में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर परेड एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
Junaid khan - शहडोल। 21 अक्टूबर 'पुलिस स्मृति दिवस' के अवसर पर आज रक्षित केंद्र (पुलिस लाईन) शहडोल में देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों की स्मृति में शोक परेड एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कर्तव्य की वेदी पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों का स्मरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस गरिमामय अवसर पर आयोजित शोक परेड का कुशल नेतृत्व रक्षित निरीक्षक (R.I.) श्री अनिरुद्ध मीणा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल द्वारा कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए अमर शहीदों के नामों का वाचन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने इन वीर जवानों की शहादत को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इस कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही। समारोह में मुख्य रूप से माननीया विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष शहडोल श्रीमती अमिता चपरा, पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन सुश्री एन. चेत्रा, पुलिस उप महानिरीक्षक शहडोल श्री विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल, कलेक्टर शहडोल श्री पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जिला पंचायत शहडोल श्री शिवम प्रजापति तथा डी.एफ.ओ. उत्तर वन मंडल शहडोल श्रीमती तरूणा वर्मा शामिल हुए। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र और पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और परेड द्वारा शोक सलामी दी गई। इस अवसर पर अमर शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके त्याग व बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे तथा सभी ने मौन धारण कर अमर शहीदों को नमन किया।

