मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल में 9.77 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22.89 करोड़ रुपए बोनस वितरित कर दी 462 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल में 9.77 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22.89 करोड़ रुपए बोनस वितरित कर दी 462 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात


Junaid Khan - शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल संभागीय मुख्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के 9 लाख 77 हजार 696 पात्र संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की बोनस राशि वितरित की। इस दौरान उन्होंने 22.14 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित संभागीय वन मंडलाधिकारी कार्यालय के लोकार्पण सहित जिले को 462 करोड़ रुपये के 134 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार वनवासियों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समग्र कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश का विकास फाइलों से नहीं बल्कि जनता के हित में लिए गए कड़े फैसलों से हो रहा है। कार्यक्रम में शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सतना और सीधी जिलों के छह जिला वनोपज यूनियनों के हजारों संग्राहक शामिल हुए। क्षेत्रीय विकास को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री ने शहडोल में अत्याधुनिक इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गीता भवन, रीवा-शहडोल मुख्य मार्ग से गोहपारू महाविद्यालय एवं आईटीआई तक सड़क निर्माण और निजी सहभागिता से नई यूनिवर्सिटी खोलने की घोषणा की। साथ ही शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय के कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए कॉमन (को-एड) एजुकेशन की व्यवस्था करने, उमरिया में एमपीआरडीसी द्वारा नई सड़क बनाने और जंगली हाथियों द्वारा तोड़े गए मकानों के स्थान पर वन विभाग द्वारा फेंसिंग युक्त पक्के मकान बनाकर देने का ऐलान किया। रोजगार के अवसरों को बढ़ाते हुए उन्होंने शहडोल में जल्द स्टील फैक्ट्री स्थापित करने (जिससे 4000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा), 1 लाख नई सरकारी भर्तियों, विचारपुर में 5.10 करोड़ से खेल अधोसंरचना विकास और बांधवगढ़ के समीप फॉरेस्ट ज़ू व रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की जानकारी दी।

Previous Post Next Post