तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस वितरण समारोह में बुनियादी ढाँचे, शिक्षा, स्वास्थ्य व ग्रामीण विकास की दी सौगात
Junaid Khan - शहडोल। 25 अक्टूबर 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहकों के विशाल बोनस वितरण कार्यक्रम के दौरान 461 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत के 134 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 82 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 45 निर्मित विकास कार्यों को आमजन को समर्पित करते हुए लोकार्पण किया, वहीं 379 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 89 नए निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इन व्यापक परियोजनाओं में बुनियादी ढाँचे के सुदृढ़ीकरण हेतु सड़क व पुल निर्माण, शासकीय उच्च शिक्षण व विद्यालयीन भवन, छात्रावास, पुलिस कार्यालय, विद्युत उपकेंद्र, खेल सुविधाएँ और पेयजल व्यवस्था से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
विभागवार कार्यों के विवरण में लोक निर्माण विभाग के सर्वाधिक 36 निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनके अंतर्गत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों, उनके सुदृढ़ीकरण तथा नदियों पर पुल निर्माण का कार्य किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से टेंघा-छीनमार मार्ग में गौरीहारी नदी तथा नरवार-गोड़ारू मार्ग में सोन नदी के चकराघाट पर पुल एवं पहुँच मार्ग का निर्माण प्रमुख है। इसके साथ ही जनजातीय कार्य विभाग के 38 निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनके तहत सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारू और बुढ़ार विकासखंडों के शासकीय हाई स्कूलों, छात्रावासों एवं आश्रमशाला भवनों का निर्माण किया जाएगा। मध्य प्रदेश भवन विकास निगम द्वारा कन्या शिक्षा परिसर गोहपारू और शासकीय पीजी कॉलेज बुढ़ार का नवीनीकरण एवं उन्नयन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय शहडोल, बुढ़ार थाना भवन तथा ब्यौहारी परिसर में पुलिस आवासगृहों का निर्माण कराया जाएगा। युवाओं एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए विचारपुर में खेलो इंडिया स्मॉल फुटबॉल सेंटर के अंतर्गत फुटबॉल मैदान, पवेलियन और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके अलावा ऊर्जा विभाग द्वारा नए विद्युत उपकेंद्रों, पीएचई विभाग द्वारा पेयजल परियोजनाओं और वन विभाग व सड़क विकास निगम द्वारा विभिन्न बुनियादी ढाँचों का विकास किया जाएगा। इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन से शहडोल जिले में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में क्रांति आएगी और आधारभूत व्यवस्थाएँ मजबूत होंगी।
