सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, दो पर एफआईआर,तीन गांवों में डंप रेत को मिट्टी में मिलाकर किया नष्ट
Junaid Khan - शहडोल। जिले में प्राकृतिक संपदा का अवैध दोहन करने वाले खनिज माफियाओं के खिलाफ पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग ने चौतरफा मोर्चा खोल दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमले ने ब्यौहारी और जैतपुर थाना क्षेत्रों में एक साथ बड़ी दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रेत खनन व परिवहन में लिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है। एक तरफ जहां समधिन नदी से अवैध रेत ले जाते हुए बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वहीं दूसरी तरफ आधा दर्जन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कई गांवों में अवैध रूप से डंप की गई विशाल रेत की खेप को मौके पर ही मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया गया।
ब्यौहारी में बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 7 लाख का माल जब्त, 2 पर मामला दर्ज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को ब्यौहारी थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि समधिन नदी क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम खामडाड़ स्थित समधिन नदी पर दबिश दी और मौके से अवैध रेत से लदी एक बिना नंबर की सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली को धर दबोचा। पुलिस द्वारा जब वाहन चालक लल्ला खैरवार (निवासी ग्राम खामडाड़, थाना ब्यौहारी) से रेत परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी टी.पी. (TP), वाहन पंजीयन दस्तावेज एवं ड्राइविंग लाइसेंस की मांग की गई, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत करने में पूरी तरह नाकाम रहा। पूछताछ के दौरान चालक ने ट्रैक्टर का स्वामी मुन्ना खान होना स्वीकार किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गवाहों के समक्ष 03 घनमीटर अवैध रेत (कीमत लगभग ₹2,000) तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली (कीमत लगभग ₹7,000,000) कुल ₹7,02,000 मूल्य की संपत्ति को जब्त कर लिया। मामले में आरोपी चालक लल्ला खैरवार एवं वाहन मालिक मुन्ना खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(5), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 130/177(3), 3/181 के तहत गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी ब्यौहारी के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
जैतपुर के तीन गांवों में संयुक्त टीम का छापा, रेत के अवैध भंडारों पर चला बुलडोजर
दूसरी बड़ी कार्रवाई जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खोडरी, गलहथा एवं कोलुहा में देखने को मिली, जहां पिछले काफी समय से अवैध रूप से रेत डंप किए जाने की निरंतर शिकायतें मिल रही थीं। जनसामान्य से प्राप्त इन शिकायतों को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. संजय अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया और थाना प्रभारी जैतपुर को राजस्व व खनिज विभाग के साथ तालमेल बिठाकर संयुक्त कार्रवाई का खाका तैयार करने का निर्देश दिया। निर्देशों के पालन में 16 अक्टूबर 2026 को जैतपुर थाना प्रभारी मोहम्मद समीर, एसडीएम दीपक मांडवी, खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य एवं खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले के संयुक्त नेतृत्व में तीनों विभागों के भारी अमले ने ग्राम खोडरी, गलहथा और कोलुहा में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तीनों गांवों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से भंडारण कर रखी गई रेत को जब्त करने के साथ ही मौके पर ही मिट्टी में मिलाकर पूरी तरह से खुर्द-बुर्द व नष्ट कर दिया गया, ताकि माफिया इसका दोबारा उपयोग न कर सकें।
माफिया तंत्र पर नकेल,शासन-प्रशासन के सख्त संदेश से मचा हड़कंप
जिले भर में एक के बाद एक हुई इन कठोर कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस और प्रशासन की मंशा प्राकृतिक संसाधनों की चोरी रोकने को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नदियों का सीना चीरकर अवैध रेत निकालने वाले और गांवों में रेत का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कप्तान डॉ. संजय अग्रवाल के इस आक्रामक रुख से जहां अवैध कारोबारियों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं आम जनता और पर्यावरण प्रेमियों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की इस मुस्तैदी की मुक्त कंठ से सराहना की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी रसूखदार को छोड़ा नहीं जाएगा।
