कमिश्नर एवं कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खमरौध का किया निरीक्षण
Junaid khan - शहडोल। 09 अक्टूबर 2026 कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खमरौध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अवकाश का समय होने पर विद्यार्थी राष्ट्रीय गीत में सहभागिता कर रहे थे। कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने विद्यार्थियों के साथ खड़े होकर राष्ट्रीय गीत में सहभागिता निभाई। इसके पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कमिश्नर को अवगत कराया कि विद्यालय के खेल मैदान का समतलीकरण कराया जाना आवश्यक है, जिससे खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। विद्यार्थियों की मांग पर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आश्वासन दिया कि खेल मैदान का शीघ्र समतलीकरण कराया जाएगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता विद्यार्थियों से विद्यालय में उपलब्ध अन्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्य-पाठन की स्थिति, पढ़ाई से संबंधित गतिविधियों तथा विद्यालय में होने वाली शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन करने तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर एवं कलेक्टर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों के हित में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
