बस्ती में भालू दिखा, प्रशासन अलर्ट,वीडियो वायरल
Junaid khan - शहडोल। जैतपुर वनपरिक्षेत्र के बैराग गांव का मामला, वन विभाग लोगों को कर रहा सतर्क। वनमंडल शहडोल अंतर्गत वन परिक्षेत्र जैतपुर के बैराग गांव में भालुओं के विचरण का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन भालू बस्ती के रास्ते में दौड़ते नजर आ रहे हैं।बताया जा रहा है कि यह वीडियो बैराग गांव के मोहर टोला का है। जहां तीन भालू घूमते नजर आ रहे हैं। एक वाहन चालक ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जैतपुर वन परिक्षेत्र में बड़ी तादाद में भालुओं का मूवमेंट बना रहता है। हाल ही में जैतपुर वन परिक्षेत्र की सीमा से लगे केशवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके पूर्व भी आस पास के क्षेत्र में भालुओं को विचरण करते देखा गया है। बैराग गांव में भालुओं की मौजूदगी की सूचना पर वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने कहा है। ग्रामीणों की माने तो लंबे समय से गांव में भालुओं का मूवमेंट है। ग्रामीणों का कहना है कि ठंड के दिनो में भालू रात में विचरण करते देखे जा सकते हैं। केशवाही वन परिक्षेत्र में घटित घटना के बाद वन अमला सतर्क है और लगातार क्षेत्र में गश्ती कर रही है।
