नीलगिरी की लकड़ी का अवैध परिवहन करते दो वाहन जब्त

नीलगिरी की लकड़ी का अवैध परिवहन करते दो वाहन जब्त


Junaid khan - शहडोल। दक्षिण वनमंडल के गश्ती दल ने बीती रात दो. अलग-अलग स्थानों पर नीलगिरी की लकड़ी से भरे दो वाहनों को जब्त किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र जैतपुर के अंतर्गत की गई, जहां अवैध लकड़ी - कटान और परिवहन की घटनाएं अक्सर होती हैं। पहली कार्रवाई बीट देवरी के ग्राम न्यूटरी में हुई, जहां गश्ती दल ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका। वाहन चालक श्रीनिवास पनिका, निवासी घुनघुटी, ट्रक क्रमांक सीजी 31 सी 0154 लेकर जा रहा था। ट्रक की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में नीलगिरी की लकड़ी मिली, लेकिन चालक कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गश्ती दल ने वाहन को जब्त कर बीटगार्ड भठिया के सुपुर्द कर दिया। दूसरी कार्रवाई जैतपुर मार्ग के पास बैरिहा क्षेत्र में की गई। गश्त के दौरान एक नीले रंग के ट्रैक्टर को संदिग्ध स्थिति में देखकर रोका गया। ट्रैक्टर की तलाशी में नीलगिरी की लकड़ी लदी हुई मिली, और चालक भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। वन विभाग ने ट्रैक्टर को जब्त कर कार्रवाई की है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नीलगिरी की लकड़ी का बड़े पैमाने पर अवैध कटान और परिवहन हो रहा है, जिसके चलते क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई गई है। दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post