दहशत में परिवार: दबंगों की प्रताड़ना से परेशान पीड़ितों ने कलेक्टर-एसपी से लगाई गुहार
Junaid khan - शहडोल। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगुड़ी में एक परिवार वर्षों से चल रही प्रताड़ना और डर के साए में जीने को मजबूर है। परिवार की बेटी सुष्मिता सिंह ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और सिंहपुर थाना प्रभारी को दिए लिखित आवेदन में गांव के कुछ दबंग लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में बताया गया है कि किस तरह पुश्तैनी जमीन और घर होने के बावजूद, कुछ लोग उनके परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं, खेती नहीं करने दे रहे हैं और आए दिन विवाद व मारपीट कर दहशत फैलाए हुए हैं। सुष्मिता ने अपने आवेदन में उल्लेख किया कि उनके पिता उदयभान सिंह, जो एसईसीएल जोहिला एरिया, नोरोजाबाद (जिला उमरिया) में कार्यरत थे, वर्ष 2020 में अपना स्थानांतरण कराकर सोहागपुर एरिया जिला शहडोल खेरहा दामिनी माइंस आ गए। स्थानांतरण के बाद परिवार पूरी तरह अपने पुश्तैनी गांव सिंगुड़ी में आकर रहने लगा। लेकिन इसी के बाद गांव के कुछ लोग उनसे रंजिश रखने लगे और जमीन हड़पने की नीयत से तरह–तरह की परेशानियां खड़ी करने लगे।
परिवार का आरोप
खेती करने से रोका जा रहा है। सिंचाई की व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। बिजली की तारें काट दी जाती हैं। आए दिन विवाद और मारपीट की स्थितियां पैदा की जाती हैं। परिवार को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया गया है कि वे लगातार दहशत में जी रहे हैं। सुष्मिता सिंह का कहना है कि उनकी जमीन और मकान पुश्तैनी हैं, फिर भी गांव के कुछ लोग उन्हें चैन से नहीं रहने दे रहे। परिवार ने कहा कि वे अपने ही घर और खेत पर अधिकार होने के बाद भी भय और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं, जो अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। थकहारकर परिवार ने अब कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और सिंहपुर थाना प्रभारी से उचित कार्रवाई कर न्याय दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो दबंगों का अत्याचार और बढ़ सकता है। गांव की यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद सामाजिक तनाव और भूमि विवाद की गंभीर तस्वीर पेश करती है, जहां एक परिवार अपनी ही पैतृक भूमि पर सुरक्षित रहने के लिए प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहा है। बताया गया है। कि गांव के दबंग उन्हें जबरन प्रताड़ित कर रहे हैं।
