दो साल बाद भी फोन-पे सुविधा नहीं, मरीज परेशान होकर लौट रहे-दवा लेने आए मरीजों की मजबूरी: कैश लाओ वरना वापस जाओ
Junaid khan - शहडोल। अगर आपके पास जेब में नगद पैसे हैं तभी दवा खरीदने पीएम जन औषधि केंद्र पर जाइये वर्ना दिक्कत होगी। यह हाल है जिला अस्पताल परिसर में संचालित पीएम जन औषधि केंद्र का। यहां इस केंद्र को शुरू हुए दो साल का समय बीत चुका है, पर अब तक यहां पर फोन-पे यानी डिजिटल पेमेंट की सुविधा लोगों को नहीं दी गई है। लोगों को इसके चलते दिक्कत का सामना करना पड़ता है। आजकल डिजिटल पेमेंट का चलन है। ऐसे में लोग बहुत ही कम नगद पैसा जेब में रखकर चलते हैं। दवा खरीदने के बाद जब ग्राहक अपना मोबाइल निकालकर स्कैनर पूछता है या कि फोन पे के लिए कहता है तो दवा विक्रेता के द्वारा साफ मना कर नकद भुगतान के लिए कहा जाता है। व्यवस्था कर दी जानी चाहिए अब तकः सितंबर 2023 में पीएम जन औषधि केंद्र की शुरुआंत हुई थी इस तरह से अब तक दो साल का समय बीत चुका है। डिजिटल पेमेंट आज की सबसे बड़ी मांग है और इसकी सुविधा तक यहां नहीं कराई जा सकी है। केंद्र में कार्यरत कर्मचारी का कहना है कि जितने भी मरीज या उनके अटेंडर दवा लेने के लिए आते हैं, वे फोन पे से भुगतान करने के लिए कहते हैं, पर यह सुविधा यहां नहीं है, जिसके चलते उनको मना करना पड़ता है। ऐसे में या तो अपने फोन पर पैसे लेने पड़ते हैं या फिर नकद पैसे लाने के लिए कहना पड़ता है। ऐसे में अनेक लोग तो दवा खरीदे बिना ही लौट जाते हैं। पीएम जनऔषधि केंद्र में हर माह दवाओं की बिक्री से एक लाख रुपये से अधिक का पेमेंट होता है। किसी किसी महीने में यह आंकड़ा डेढ लाख तक पहुंच जाता है। अब ऐसे में अगर यहां के कर्मचारी के मोबाइल में लोग दवाओं का पेमेंट करेंगे तो वह उसके खाते में यह पैसा दिखेगा जो उसके लिए मुसीबत हो सकता है।
इनका कहना है
मैं इस संबंध में रेडक्रास सोसायटी के सचिव से बात करूंगी। यहां पर डिजिटल,पेमेंट की व्यवस्था जल्दी शुरू कराई जाएगी।
पूजा सोनी, सहायक प्रबंधक जिला अस्पताल जिला शहडोल
