प्रदेश की बास्केटबाल टीम में शहडोल संभाग की पांच खिलाड़ी
Junaid khan - शहडोल। मध्यप्रदेश की अंडर-14 बास्केटबाल टीम में शहडोल संभाग की पांच खिलाड़ियों को स्थान मिला है। इनमें अनुष्का कारागंले, कृपा गुप्ता, आराध्या द्विवेदी, पवनी तिवारी और अवनी गर्ग शामिल हैं। बता दें कि अक्टूबर माह में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शहडोल संभाग विजेता रहा। लिहाजा इस टीम की तमाम बेहतरीन खिलाड़ियों को राज्य की टीम में शामिल किया गया है। बास्केटबाल कोच केके श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन शहडोल में ही 19 से 23 दिसंबर तक होगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पहले 13 दिसंबर से राष्ट्रीय कैंप शहडोल के गांधी स्टेडियम में होगा। यह प्रतियोगिता संयुक्त संचालक लोक शिक्षण उमेश धुर्वे, सहायक संचालक खेल सुदर्शन मिश्रा सहित रईस अहमद खान, राम रुद्र पटेल, केके श्रीवास्तव, वीरेंद्र श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न होगी। डीपीआइ भोपाल ने नेशनल टूर्नामेंट के लिए अंडर-14 बालिका टीम का कोच केके श्रीवास्तव और मैनेजर आयुषी वर्मा भोपाल को बनाया है।
