कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने थाना प्रभारियों के प्रभार में बदलाव
Junaid khan - शहडोल। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव शहडोल द्वारा एक अहम प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ थाना प्रभारियों के प्रभार में परिवर्तन करते हुए अनुभवी और सक्षम अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। यह कदम जिले में अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और पुलिसिंग की गुणवत्ता बढ़ाने की मंशा से उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया यह प्रशासनिक फेरबदल पूरी तरह से कार्यकुशलता और क्षेत्रीय आवश्यकता को ध्यान में रखकर किया गया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी देकर ताजगी और बेहतर समन्वय की उम्मीद की जा रही है। इससे न केवल थानों की कार्यप्रणाली में सुधार होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी अधिक प्रभावी पुलिस सेवा का लाभ मिलेगा। आदेश के तहत श्री अरुण पांडेय को पुलिस लाइन शहडोल से स्थानांतरित कर थाना सोहागपुर का प्रभार सौंपा गया है। वहीं श्री भूपेन्द्रमणि पांडे को थाना सोहागपुर से स्थानांतरित कर थाना अमलाई की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त श्री जेपी शर्मा को थाना अमलाई से थाना जैतपुर भेजा गया है, जबकि श्री जियाउल्लहक को थाना जैतपुर से स्थानांतरित कर थाना ब्योहारी का नया प्रभारी बनाया गया है। पुलिस महकमे के इस फैसले को जिले में सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। जानकारों का मानना है कि इस प्रकार के प्रशासनिक बदलाव से पुलिस अधिकारियों में नई ऊर्जा का संचार होता है और क्षेत्र में बेहतर निगरानी, त्वरित कार्रवाई एवं जनसंवाद को मजबूती मिलती है। खासकर संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्रों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। कुल मिलाकर पुलिस अधीक्षक शहडोल का यह निर्णय दूरदर्शिता और मजबूत प्रशासनिक सोच को दर्शाता है। आम जनता को उम्मीद है कि नए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा पुलिस-जनसहयोग का भरोसा और गहरा होगा। यह कदम निश्चित रूप से शहडोल जिले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाए रखने में मील का पत्थर साबित होगा।
