कठौतिया में 09 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ एवं ज्ञान यज्ञ कथा का आगाज

गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा



Junaid khan - शहडोल। जिले के ग्राम कठौतिया स्थित स्वर्गीय ठा. रामदास सिंह जोधावत खेल मैदान में नौ दिवसीय ‘श्रीराम महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम ज्ञान यज्ञ कथा’ का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान 09 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत विशाल कलश यात्रा के साथ की गई। सोमवार को गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा में ग्राम कठौतिया सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए मातृशक्ति एवं जयघोष करते श्रद्धालुओं की उपस्थिति से संपूर्ण गांव का वातावरण भक्तिमय हो उठा। यज्ञ समिति के अध्यक्ष अभिमान सिंह जोधावत ने बताया कि यह आयोजन 09 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ है, जिसका उद्देश्य विश्व शांति, जनकल्याण एवं समाज में समरसता व सद्भावना की कामना करना है। प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधिवत आहुतियां दी जा रही हैं। यज्ञ का संचालन वृंदावन धाम से पधारे यज्ञाचार्य पंडित श्री सीताराम समाधिया द्वारा किया जा रहा है। मानस विदुषी देवी चंद्रकला जी अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा की अमृत वर्षा करा रही हैं। प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक देवपूजन एवं हवन, जबकि दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक श्रीराम कथा का रसपान कराया जा रहा है। आयोजन का समापन 18 फरवरी को पूर्णाहूति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में श्रीराम महायज्ञ समिति कठौतिया के संयोजक अशोक सिंह जोधावत, अभय राज सिंह जोधावत, उपाध्यक्ष सुशील कुमार श्रीवास्तव, ओंकार सिंह जोधावत, सचिव पुष्पेन्द्र सिंह जोधावत, कोषाध्यक्ष सत्यमान सिंह जोधावत सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग मिल रहा है।

Previous Post Next Post