विवेक पब्लिक स्कूल में विटामिन के उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम
Junaid khan - शहडोल। विवेक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल एवं सत्य साईं इंग्लिश मीडियम स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को विद्यालय के सभागार में “विटामिन का सही उपयोग एवं उससे होने वाले लाभ-हानि” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आमजन को बिना चिकित्सकीय परामर्श के विटामिन सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना रहा। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में डाइट के पूर्व प्रचारक आर.एस. गौतम, विद्यालय के संचालक डॉ. गोपाल प्रसाद निगम, विद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनीता निगम, आयुष/चिरायु मेडिकल स्टोर की संचालिका निर्मला गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी एवं कवि संगीता शुक्ला तथा वरिष्ठ कवयित्री किरण सिंह शिल्पी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अपने मुख्य वक्तव्य में आर.एस. गौतम ने कहा कि किसी भी सामान्य व्यक्ति को किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर स्वयं निर्णय लेकर विटामिन का सेवन नहीं करना चाहिए। जब तक किसी योग्य चिकित्सक द्वारा जांच कर पर्चा न लिखा जाए, तब तक विटामिन लेना शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने कहा कि आजकल जानकारी के अभाव में लोग विटामिन को सामान्य दवा समझकर उपयोग करने लगे हैं, जो गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। विद्यालय के संचालक डॉ. गोपाल प्रसाद निगम ने कहा कि बच्चे हों, युवा हों या वृद्ध शरीर में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। डॉक्टर द्वारा दवा के साथ यदि विटामिन लिखा जाए, तभी उसका सेवन करना उचित है। उन्होंने शहडोल नगर के समस्त मेडिकल स्टोर संचालकों से भी अपील की कि वे बिना डॉक्टर के पर्चे के विटामिन की गोलियां न दें और यदि कोई व्यक्ति स्वयं मांग करे तो उसे पहले चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दें। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनीता निगम ने अपने उद्बोधन में कहा कि विटामिन जितने उपयोगी होते हैं, गलत मात्रा और गलत समय पर लेने से उतने ही नुकसानदेह भी सिद्ध हो सकते हैं। इसलिए किसी भी व्यक्ति को विटामिन लेने से पूर्व आवश्यक जांच कराना और डॉक्टर की सलाह लेना अनिवार्य है। चिरायु मेडिकल की संचालिका निर्मला गुप्ता ने छात्राओं को विटामिन दवाओं के उपयोग एवं दुरुपयोग दोनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि अनावश्यक सेवन से शरीर पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी एवं कवि संगीता शुक्ला तथा वरिष्ठ कवयित्री किरण सिंह शिल्पी ने भी छात्राओं एवं शिक्षकों से अपील की कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के किसी भी प्रकार की विटामिन दवा का उपयोग न करें और इस विषय में समाज में जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम में शिक्षकों में प्रभावी प्राचार्य उमाकांत वर्मा, रामकरण मिश्रा, वंदना गुप्ता, पूनम सिंह बघेल, पूजा सिंह बघेल, प्रीति विश्वकर्मा, रश्मि वर्मा, विधि वर्मा, निधि त्रिपाठी, गुलअफशा खान एवं खुशबू खान सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय की छात्र परिषद के सदस्यों में सृष्टि पनिका, अंजलि त्रिपाठी, राशि सोनी, श्रेया जायसवाल, आस्था सिंह, पाखी भुजवा, मानसी बैग, मानसी सिंह, किशन सिंह, सुमित जायसवाल, शुभांगी मिश्रा, अंशिका मिश्रा, साक्षी गुप्ता, साक्षी सिंह, संध्या यादव, अथर्व श्रीवास्तव, किशन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रभारी प्रचार उमाकांत वर्मा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

