खनिज माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा: ब्यौहारी व देवलोंद में दो बड़ी कार्यवाही

ट्रैक्टर-ट्रॉली व लाखों की अवैध रेत जप्त


Junaid khan - शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 13 फरवरी 2026 को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्यवाही कर खनिज माफियाओं पर करारा प्रहार किया। ब्यौहारी एवं देवलोंद पुलिस की त्वरित कार्रवाई में ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित लाखों रुपये की अवैध रेत जप्त की गई है। दोनों प्रकरणों में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। ब्यौहारी पुलिस की प्रभावी कार्यवाही: ट्रैक्टर मय रेत जप्त, कीमत ₹5,03,000 आंकी दिनांक 13.02.2026 को ब्यौहारी पुलिस बल कस्बा भ्रमण एवं अपराध की विवेचना हेतु रवाना था। इसी दौरान ग्राम खामडाड़ में मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि खामडाड़ नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर एक सोनालिका ट्रैक्टर व हरे रंग की ट्रॉली सहित रेत लोड कर नदी पार कर करिहा टोला की ओर खड़ा है। सूचना पर तत्काल ब्यौहारी पुलिस दल द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। मौके पर बिना पंजीयन नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर रेत से लोड अवस्था में खड़ा मिला। चालक से पूछताछ पर उसने अपना नाम राहुल उर्फ सोनू खैरवार पिता राजेन्द्र उर्फ राजन खैरवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी खामडाड़ बताया। चालक से रेत परिवहन संबंधी वैध रायल्टी/टी.पी. एवं वाहन दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जो मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। पूछताछ में चालक द्वारा उक्त रेत खामडाड़ नदी से अवैध रूप से उत्खनन कर ट्रैक्टर मालिक हिमांशु सिंह उर्फ अजय सिंह निवासी सूखा के कहने पर परिवहन हेतु ले जाना स्वीकार किया गया। उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता, खनिज अधिनियम तथा मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने से ट्रैक्टर स्वामी एवं चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। ब्यौहारी पुलिस द्वारा उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली व उसमें लोड अवैध रेत की कुल अनुमानित कीमत ₹5,03,000/- आंकी गई है, जिसे विधिवत जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। सराहनीय भूमिका उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक जियाउल हक के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुरेश कुमार रैदास एवं आरक्षक रामजी गौतम की सराहनीय भूमिका रही।

प्रतिबंधित सोन घड़ियाल क्षेत्र में देवलोंद पुलिस की कार्यवाही

अवैध रेत जप्त, चालक फरार इसी दिन 13.02.2026 को परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी हेतु रवाना पुलिस बल को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि गोपालपुर सोन नदी क्षेत्र, जो सोन घड़ियाल प्रतिबंधित क्षेत्र के अंतर्गत आता है, से एक नीले रंग का स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत उत्खनन कर भरी हुई ट्रॉली के साथ बाहर निकल रहा है। सूचना पर देवलोंद पुलिस दल तत्काल गोपालपुर रेत उत्खनन घाट, सोन नदी पहुंचा। मौके पर पुलिस बल को देखकर ट्रैक्टर चालक बिनय मिश्रा ने ट्रैक्टर को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, जिससे रेत से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद थाने से अतिरिक्त बल को सूचित कर एवं स्थानीय निवासी के सहयोग से पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया गया। उक्त नीले रंग की बिना नंबर की ट्रॉली, जिसमें लगभग आधी ट्रॉली रेत भरी हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹61,500/- आंकी गई, को विधिवत जप्त किया गया। ट्रॉली को अन्य ट्रैक्टर इंजन से टोचन कर थाना परिसर लाकर सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। प्रकरण में ट्रैक्टर चालक बिनय मिश्रा एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, खनिज अधिनियम, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, भारतीय वन अधिनियम तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। देवलोंद पुलिस द्वारा फरार आरोपी की सतत तलाश जारी है। सराहनीय भूमिका उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी देवलोंद उप निरीक्षक सुभाष दुबे के नेतृत्व में उप निरीक्षक हरिभान सिंह परस्ते, सहायक उप निरीक्षक इंदलाल पुरी, प्रधान आरक्षक रेयाज खान, प्रधान आरक्षक दिनेश शुक्ला, आरक्षक सतीष मिश्रा, आरक्षक सौरभ मिश्रा, आरक्षक राजबिहारी पटेल एवं आरक्षक शिवेष त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही। अवैध खनन के विरुद्ध सख्त संदेश दोनों थाना क्षेत्रों में की गई इन कार्यवाहियों से स्पष्ट है कि प्रतिबंधित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन को लेकर पुलिस सतर्क है और खनिज माफियाओं पर लगातार नजर रखे हुए है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Previous Post Next Post