ऑडिटोरियम निर्माण का रास्ता साफ,नगर परिषद की सख्त कार्रवाई
Junaid khan - शहडोल। ब्यौहारी नगर परिषद क्षेत्र के मानपुर रोड स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को मंगलवार को नगर परिषद की टीम ने हटाकर प्रशासनिक सख्ती का संदेश दिया। करीब 2200 वर्गफीट शासकीय भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मकान को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रस्तावित ऑडिटोरियम निर्माण का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त भूमि नगर विकास की योजना के तहत ऑडिटोरियम निर्माण के लिए चिन्हित की गई थी। लेकिन संतोष सेन द्वारा भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया गया था, जिससे शासकीय परियोजना में बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले की जांच एवं नोटिस प्रक्रिया पूरी करने के बाद नगर परिषद ने नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी शरद कुमार गौतम के नेतृत्व में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मौके पर तहसीलदार डेलन सिंह, पुलिस बल तथा नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने पहले ही पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था कर ली थी, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पूरी कार्रवाई कानून व्यवस्था के बीच सुव्यवस्थित तरीके से की गई।
विकास कार्यों में नहीं होगी अब बाधा नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद अब प्रस्तावित ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस ऑडिटोरियम के निर्माण से क्षेत्र में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन को नया मंच मिलेगा। स्थानीय नागरिकों को विवाह, संगोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शासकीय बैठकों के लिए एक सुसज्जित स्थल उपलब्ध हो सकेगा। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को नगर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
