भैंस चोरी के मामले में बड़ा खुलासा,संगठित पशु तस्करी गिरोह पर शक

भैंस चोरी के मामले में बड़ा खुलासा,संगठित पशु तस्करी गिरोह पर शक


Junaid khan - शहडोल। थाना सिंहपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंहपुर से 21 जनवरी 2026 को हुई भैंस चोरी के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत और जांच के दौरान संगठित पशु तस्करी गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 10 बजे ग्राम सिंहपुर निवासी कृषक की दो भैंसें चरवाहा मोती बेगा के घर से चराने के लिए ले गया था। शाम तक भैंसें वापस नहीं लौटने पर परिजनों द्वारा लगातार तलाश की गई, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई गई, परंतु कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित द्वारा थाना सिंहपुर में गुमशुदा मवेशी की सूचना दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में बताया गया कि चोरी हुई भैंसों की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान ग्रामीणों से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि ग्राम चिचरहटा निवासी नानू लोधी द्वारा पूर्व में भी पशु तस्करी की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, नानू लोधी लंबे समय से पशु तस्करी के अवैध कार्य में संलिप्त रहा है। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा दो पिकअप वाहनों से भैंसों को बाहर काटने के लिए ले जाने की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया कि चोरी की गई भैंसों को 31 जनवरी 2026 की रात किसी बाहरी व्यापारी को बेच दिए जाने की बात भी सामने आई है। जब नानू लोधी से इस संबंध में पूछताछ की गई तो वह मौके से फरार हो गया, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा संगठित पशु तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जाए। फिलहाल थाना सिंहपुर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Previous Post Next Post