वीडियो वायरल होते ही पुलिस की सख्त कार्रवाई
कुरुक नदी से रेत परिवहन के दौरान किया जा रहा था स्टंट, ट्रैक्टर जब्त; फरार चालक की तलाश जारी
Junaid khan - शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना कुरुक नदी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां रेत परिवहन के दौरान चालक द्वारा लापरवाही और खतरनाक तरीके से ट्रैक्टर चलाया जा रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक ट्रैक्टर चालक रेत से भरे वाहन के साथ स्टंट करता नजर आ रहा है। यह करतब न केवल उसकी जान के लिए खतरा था, बल्कि आसपास मौजूद लोगों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था। मामले की जांच के बाद वाहन चालक की पहचान अरुण साहू पिता रामदास साहू, निवासी डोंगरी टोला, जैतपुर के रूप में की गई है। जैतपुर पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। हालांकि, चालक मौके से फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की चेतावनी: थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने या दिखावा करने के लिए इस तरह के खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक जीवन को खतरे में डालने की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि संबंधित वीडियो को स्थानीय समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह के खतरनाक स्टंट से बचें, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।
